
कुमाऊं दौरे पर अल्मोड़ा पहुंचे कृषि व सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, केंद्रीय बजट पर की विस्तृत चर्चा
अल्मोड़ा।
कुमाऊं के दो दिवसीय दौरे पर अल्मोड़ा पहुंचे प्रदेश के कृषि एवं सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्रीय बजट को लेकर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने इस बजट को “भारत को आगे बढ़ाने वाला और राष्ट्र निर्माण का आधार” बताते हुए कहा कि इसमें देश के विकास के हर पहलू को ध्यान में रखा गया है।
मंत्री जोशी ने कहा कि केंद्रीय बजट में शिक्षा क्षेत्र में 110 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि की गई है, जिससे आने वाले समय में शैक्षिक सुविधाएं और मजबूत होंगी। उन्होंने बताया कि राज्य बनने के बाद भले ही खेती का रकबा कम हुआ हो, लेकिन उत्पादन में वृद्धि हुई है। इस बजट में कृषि क्षेत्र के लिए पहले की तुलना में अधिक धनराशि का प्रावधान किया गया है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलेगा।
सड़क और आधारभूत ढांचे को लेकर मंत्री ने बताया कि सड़क मार्गों के लिए लगभग 21 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के लिए 7300 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे सीमावर्ती और दुर्गम क्षेत्रों में सड़क नेटवर्क मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य के लिए यह बेहद महत्वपूर्ण है।
स्वच्छ भारत मिशन को लेकर मंत्री जोशी ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और इस वर्ष देशभर में 500 नए सरोवर बनाए जाएंगे। इन सरोवरों के माध्यम से मत्स्य पालन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि लगभग सभी विकास कार्यों के बजट में वृद्धि की गई है।
प्रदेश के संदर्भ में मंत्री ने बताया कि उत्तराखंड को सड़क निर्माण के लिए 1700 करोड़ रुपये मिले हैं और आगे भी मिलने की संभावना है। साथ ही, स्वास्थ्य पर्यटन को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया है। ट्रेकिंग और साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में भी सुविधाओं के विकास के लिए बजट में प्रावधान किए गए हैं, जिससे राज्य की आर्थिकी को मजबूती मिलेगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य बजट पर चर्चा करते हुए मंत्री ने कहा कि इससे प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं और बेहतर होंगी। हालांकि, प्रेस वार्ता के दौरान जब पत्रकारों ने जमीनी मुद्दों पर सवाल उठाए तो मंत्री कुछ सवालों के सीधे जवाब देने से बचते नजर आए।
खबर सत्यवार्ता के पत्रकार द्वारा कृषि अनुसंधान के लिए करोड़ों के बजट के बावजूद बंजर पड़े खेतों को उपजाऊ बनाने को लेकर पूछे गए सवाल पर मंत्री जोशी ने कहा कि यह एक उचित प्रश्न है और इस दिशा में अवश्य कार्य किया जाएगा।
प्रेस वार्ता में नगर पालिका के महापौर अजय वर्मा, जिलाध्यक्ष महेश नयाल, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


