जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता-2026 का के.वी.एम. पब्लिक स्कूल में शुभारम्भ
हल्द्वानी। उत्तराखण्ड संस्कृत संस्थान के तत्वावधान में जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतियोगिता-2026 का बुधवार को के.वी.एम. पब्लिक स्कूल, लामाचौड़ में भव्य शुभारम्भ हुआ। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में संस्कृत भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ संस्कृत साहित्य, भारतीय संस्कृति एवं परम्पराओं के प्रति अनुराग बढ़ाना तथा उनकी प्रतिभाओं को उचित मंच प्रदान करना है।
प्रतियोगिता दो दिवसीय है। 07 अक्टूबर को कनिष्ठ वर्ग तथा 08 अक्टूबर को वरिष्ठ वर्ग के विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रहे हैं। संस्कृत नाटक, संस्कृत समूहगान, संस्कृत वाद-विवाद, संस्कृत आशुभाषण एवं श्लोकोच्चारण जैसी विधाओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि गजराज सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। विशिष्ट अतिथि डॉ. यशोदा प्रसाद सेमवाल सहित विद्यालय प्रबंधन, संस्कृत शिक्षा से जुड़े अधिकारी, शिक्षक एवं गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्कृत को भारतीय ज्ञान, संस्कृति एवं परम्परा की महत्वपूर्ण वाहक बताया।
प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विकासखण्डों से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं एवं उनके मार्गदर्शक शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। संस्कृत नाटक में 15, समूहगान में 14, वाद-विवाद में 12, आशुभाषण में 10 तथा श्लोकोच्चारण में 08 विद्यालयों के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने निर्णायकों एवं दर्शकों को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों में संस्कृत संभाषण-कौशल, मंचीय अभिव्यक्ति, तर्क-वितर्क, उच्चारण, अभिनय एवं गायन क्षमता के साथ भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति जागरूकता विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जनपद संयोजक डॉ. हेमचन्द्र जोशी ने कहा कि संस्कृत केवल भाषा नहीं, बल्कि भारत की ज्ञान-परम्परा, संस्कृति और जीवन-मूल्यों की आधारशिला है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को संस्कृत से जुड़ने तथा अपनी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का अवसर मिलता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए संस्कृत के प्रचार-प्रसार के लिए ऐसे आयोजनों को निरन्तर आवश्यक बताया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सह-संयोजक डॉ. राजेन्द्र भट्ट, आयोजन समिति, विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। भगवान सिंह बोरा, यशवंत सिंह, डॉ. कैलाश चन्द्र सिंह नेगी, प्रिया कुमारी, कुसुमपाल, माया सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।
संस्कृत प्रतियोगिता में दिखी विद्यार्थियों की प्रतिभा
Leave a Comment
Leave a Comment




