अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय में आगामी 18 जून 2026 को विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने समारोह से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने बताया कि महामहिम कुलाधिपति की स्वीकृति एवं निर्देशों के अनुपालन में विश्वविद्यालय अपने पहले दीक्षांत समारोह को ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्वरूप देने की तैयारी कर रहा है।
कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि महामहिम कुलाधिपति द्वारा विशेष रूप से निर्देश दिए गए हैं कि विश्वविद्यालय के प्रथम दीक्षांत समारोह में अल्मोड़ा की समृद्ध लोकसंस्कृति, पारंपरिक कला, इतिहास, पुरातत्व, आध्यात्म और सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई जाए। उन्होंने कहा कि यह केवल डिग्री वितरण का कार्यक्रम नहीं होगा, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी बनेगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की सभी समितियां समारोह की तैयारियों में जुट गई हैं तथा शीघ्र ही विभिन्न समितियों से जुड़े अधिकारियों और सदस्यों की बैठक आयोजित कर अंतिम रूपरेखा तय की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और यादगार बनाने के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
प्रो. बिष्ट ने कहा कि विश्वविद्यालय केवल विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे क्षेत्र की भावनाओं और जनमानस से जुड़ा हुआ संस्थान है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध और अकादमिक उत्कृष्टता की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है और भविष्य में इसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठित संस्थान बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता के दौरान एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कुलपति ने बताया कि सोबन सिंह जीना परिसर स्थित शिक्षा संकाय के समीप मुख्य ऑडिटोरियम का नाम अब “स्वामी विवेकानंद सभागार” रखा जाएगा। विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह इसी नव नामित सभागार में आयोजित किया जाएगा। इस घोषणा का उपस्थित लोगों ने स्वागत किया और इसे युवा पीढ़ी को स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
पत्रकार वार्ता से पूर्व विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए मीडिया प्रतिनिधियों का स्वागत किया। उन्होंने दीक्षांत समारोह की प्रस्तावित व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के वित्त अधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी, परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह, डीन अकादमिक प्रो. अनिल कुमार यादव, क्रीड़ा अधिकारी लियाकत अली, डॉ. चंद्रप्रकाश फुलोरिया, विपिन जोशी, देवेंद्र सिंह पोखरिया, मीडिया प्रभारी डॉ. ललित चंद्र जोशी, छात्रसंघ अध्यक्ष लोकेश सुप्याल, छात्र प्रतिनिधि रोहित कुमल्टा, आशीष जोशी, गोविंद मेर तथा ईश्वर सिंह सहित कई अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र प्रतिनिधि मौजूद रहे।
विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह को लेकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों में भी उत्साह का माहौल देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि यह समारोह विश्वविद्यालय के इतिहास में एक नई शुरुआत के रूप में दर्ज होगा और इससे विश्वविद्यालय की पहचान को नई मजबूती मिलेगी।
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय का पहला दीक्षांत समारोह 18 जून को, लोकसंस्कृति की झलक होगी मुख्य आकर्षण
Leave a Comment
Leave a Comment



