सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक लोअर माल रोड पर वाहनों की आवाजाही रहेगी प्रतिबंधित
अल्मोड़ा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 4 जून 2026 को प्रस्तावित अल्मोड़ा दौरे एवं जनसभा कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने नगर की यातायात व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए हैं। कार्यक्रम के दौरान नगर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा, जबकि विभिन्न मार्गों से आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग रूट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा जारी डायवर्जन प्लान के अनुसार रानीखेत, द्वाराहाट, सल्ट, सोमेश्वर, बागेश्वर, दन्या, जागेश्वर एवं बेतालघाट की ओर से आने वाले वाहनों के लिए जलाल बैंड के पास स्टॉपर प्वाइंट बनाया गया है। वहीं हल्द्वानी, रुद्रपुर, नैनीताल, खैरना, रामगढ़ और चम्पावत की ओर से आने वाले वाहनों के लिए तिनारधार बैंड तथा करबला तिराहा क्षेत्र में विशेष व्यवस्था की गई है।
जनसभा में शामिल होने वाले वाहनों को निर्धारित मार्गों से होकर पार्किंग स्थलों तक पहुंचाया जाएगा। रोडवेज स्टेशन, जलाल बैंड से पाण्डेखोला मार्ग, तिनारधार से बेस तिराहा मार्ग तथा करबला तिराहा से ब्राइट एंड कॉर्नर तक कई स्थानों को पार्किंग के लिए चिन्हित किया गया है।
प्रशासन ने नियमित यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। कोसी से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को पाण्डेखोला से लक्ष्मेश्वर, शैल बैंड और धारानौला होते हुए लोधिया मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं सोमेश्वर और कौसानी क्षेत्र से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को रानीखेत-खैरना मार्ग से भेजने का निर्णय लिया गया है।
इसी प्रकार जागेश्वर और दन्या क्षेत्र से हल्द्वानी जाने वाले वाहनों को सुवाखान से लमगड़ा और शहरफाटक मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। हल्द्वानी से अल्मोड़ा, कोसी और बागेश्वर आने वाले वाहनों को करबला तिराहा से चौघानपाटा, माल रोड और लक्ष्मेश्वर मार्ग होते हुए पाण्डेखोला की ओर भेजा जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अल्मोड़ा नगर की लोअर माल रोड पर पाण्डेखोला तिराहा से बेस तिराहा तक सुबह 7 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक आपातकालीन और अत्यावश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। साथ ही नगर क्षेत्र में भारी वाहनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट प्लान का पालन करें तथा यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
राहुल गांधी की अल्मोड़ा जनसभा आज, नगर में व्यापक यातायात डायवर्जन लागू
Leave a Comment
Leave a Comment



