पारंपरिक सजावट और स्थानीय कलाकारों की कलाकृतियों से सजेगा मां भगवती का दरबार, नौ दिनों तक होंगे धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम
अल्मोड़ा। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर दुर्गा महोत्सव समिति माल रोड, चौघानपाटा, जोशीखोला एवं थपलिया की ओर से आयोजित होने वाले दुर्गा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। धार्मिक आस्था के साथ स्थानीय लोक संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित इस महोत्सव में विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
महोत्सव के लिए भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। स्थानीय कलाकारों द्वारा मां दुर्गा के नौ स्वरूपों को साकार किया जा रहा है। वहीं, माता रानी के दरबार को पारंपरिक पटकों एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया जा रहा है। आयोजन के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिलेगी।
समिति अध्यक्ष ने बताया कि नौ दिवसीय दुर्गा महोत्सव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव के दौरान मां भगवती की विधिवत पूजा-अर्चना, स्तुति, भजन संध्या और रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नौ दिनों तक पूरा क्षेत्र मां दुर्गा की भक्ति और जयकारों से गुंजायमान रहेगा।
11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभा एवं कलश यात्रा
महोत्सव का शुभारंभ 11 अक्टूबर को प्रातः 9 बजे चौघानपाटा स्थित पंडाल से भव्य शोभा एवं कलश यात्रा के साथ होगा। यात्रा माल रोड होते हुए सिद्धनौला तक पहुंचेगी, जहां से वापस महोत्सव स्थल पर लौटेगी। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ मां दुर्गा के स्वरूपों की स्थापना कर धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ किया जाएगा।
समिति के सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से परिवार सहित पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने महिलाओं, युवाओं, बच्चों और बुजुर्गों से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता कर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
समिति अध्यक्ष ने कहा कि दुर्गा महोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण और सामूहिक श्रद्धा का प्रतीक भी है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से नौ दिवसीय महोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।
अल्मोड़ा में दुर्गा महोत्सव की तैयारियां तेज, 11 अक्टूबर को निकलेगी भव्य कलश यात्रा
Leave a Comment
Leave a Comment




