
अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा बाजार में हाल ही में एक विदेशी महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। वीडियो में महिला ने शहर में महिला शौचालय की कमी को लेकर अपनी परेशानी जाहिर की थी।
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने अपनी राजनीतिक लाभ के लिए इस वीडियो को बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किया, जिससे अल्मोड़ा और नगर निगम की छवि धूमिल हुई है।
कर्नाटक ने कहा कि विपक्ष यह भूल रहा है कि पिछले लगभग 25 वर्षों तक अल्मोड़ा नगर पालिका में कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। उन्होंने सवाल उठाया कि इतने लंबे कार्यकाल में शहर में महिला शौचालय जैसी मूलभूत सुविधा का पर्याप्त विकास क्यों नहीं किया गया।
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग आज नगर निगम के एक वर्ष के कार्यकाल पर सवाल उठा रहे हैं, उन्हें पहले अपने 25 वर्षों का हिसाब जनता के सामने रखना चाहिए। कर्नाटक ने यह भी कहा कि यदि वीडियो बनाने वाले वास्तव में शहर के हितैषी होते, तो वे विदेशी महिला की मदद करते, बजाय इसके कि इस मुद्दे को राजनीतिक रंग दिया जाता।
उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान नगर निगम से चमत्कार की उम्मीद करना उचित नहीं है, जबकि पूर्व में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद मूलभूत सुविधाओं का विकास नहीं किया गया।
कर्नाटक ने आरोप लगाया कि विपक्ष अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए नगर निगम और मेयर पर दोष मढ़ रहा है, जिसे जनता भली-भांति समझ रही है।



