अल्मोड़ा। नगर निगम के नंदा देवी वार्ड में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को वार्ड निवासी मनोज जोशी पर बंदरों ने हमला कर उन्हें काट लिया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में बंदरों की बढ़ती संख्या के कारण आए दिन इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मनोज जोशी अपने दैनिक कार्य से जा रहे थे, तभी अचानक बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक एंटी-रेबीज टीके लगाने की सलाह दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नंदा देवी वार्ड सहित शहर के कई हिस्सों में बंदरों का आतंक लंबे समय से बना हुआ है। बंदर घरों में घुसकर खाद्य सामग्री नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ राहगीरों पर भी हमला कर रहे हैं। कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
क्षेत्रवासियों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से बंदरों के आतंक से जल्द राहत दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में और भी गंभीर घटनाएं हो सकती हैं। लोगों ने बंदरों को सुरक्षित स्थानों पर पकड़कर स्थानांतरित करने तथा शहर में नियमित निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है।
नगरवासियों का कहना है कि पर्यटन नगरी अल्मोड़ा में बंदरों की बढ़ती समस्या अब जनसुरक्षा का गंभीर विषय बन चुकी है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि वह इस दिशा में शीघ्र ठोस कार्रवाई कर लोगों को राहत प्रदान करेगा।




