
देहरादून।
उत्तराखंड सरकार में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के केदारपुर स्थित नारी निकेतन में एक संवासिनी की आत्महत्या की घटना को गंभीरता से लेते हुए मौके पर पहुंचकर विस्तृत जांच-पड़ताल की। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर नारी निकेतन की अधीक्षिका, कर्मचारियों एवं शव बरामद करने वाली चौकीदार से पूछताछ की।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नारी निकेतन प्रशासन को परिसर के सभी हिस्सों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, उनकी नियमित लाइव मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा रिकॉर्डिंग को सुरक्षित रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस और प्रभावी व्यवस्थाएं लागू की जाएंगी।
मंत्री ने बताया कि मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यदि जांच में किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने मौके से ही अजय सिंह (एसएसपी देहरादून) से फोन पर वार्ता कर पुलिस जांच की प्रगति की जानकारी ली और जांच को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
घटना के बाद मंत्री रेखा आर्या ने एक अहम निर्णय लेते हुए विभागीय सचिव और निदेशक को निर्देशित किया कि प्रदेश के सभी नारी निकेतनों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने मानसिक रूप से अस्वस्थ संवासिनियों की देखभाल के लिए मनोचिकित्सकों की नियुक्ति संबंधी प्रस्ताव तैयार कर कैबिनेट में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा और देखभाल को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की रोकथाम के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएंगे।



