
अल्मोड़ा।
पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने मेडिकल कॉलेज के आईसीयू वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। इस दौरान उन्होंने परिजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
कर्नाटक ने कहा कि बीमारी केवल मरीज को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार को प्रभावित करती है। ऐसे कठिन समय में सहारा, संवेदना और सहयोग ही सबसे बड़ी ताकत बनते हैं। उन्होंने मरीजों एवं तीमारदारों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत कर उनकी परेशानियों को समझा और उनका मनोबल बढ़ाने का प्रयास किया।
इस दौरान कई तीमारदारों ने ब्लड बैंक से जुड़ी समस्याओं को उनके सामने रखा। लोगों ने आरोप लगाया कि जरूरत के समय रक्त उपलब्ध कराने में अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कर्नाटक ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत गंभीर विषय है और इसे किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
उन्होंने बताया कि ब्लड बैंक और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य के साथ बैठक तय की गई है। बैठक में सभी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा कर स्थायी समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।
कर्नाटक ने कहा कि ब्लड बैंक द्वारा मरीजों को परेशान करने की शिकायतों पर उन्होंने स्वयं संज्ञान लिया है और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जानकारी प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को भी दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर उच्च स्तर पर भी मामला उठाया जाएगा।
उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सरकार लगातार व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने में लगी है, लेकिन कुछ लोगों की कार्यप्रणाली के कारण आम जनता को परेशानी झेलनी पड़ती है।
कर्नाटक ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि संबंधित अधिकारियों ने अपनी कार्यशैली में सुधार नहीं किया तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए और स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता व संवेदनशीलता पर जोर दिया।
कर्नाटक ने तीमारदारों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा और ब्लड बैंक की कार्यप्रणाली को पारदर्शी व जनहितैषी बनाने के लिए जल्द ठोस निर्णय लिया जाएगा।



