
देहरादून से खबर
देहरादून। बैसाखी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री आवास में पुष्कर सिंह धामी से सिख समुदाय के एक विशाल एवं गरिमामयी प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार भेंट की। प्रतिनिधिमंडल में हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा, उत्तराखंड किसान आयोग के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह नामधारी, जनसंख्या नियंत्रण समिति के अध्यक्ष दिनेश मंसेरा एवं विधायक सुरेश गड़िया सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को पारंपरिक सरोपा भेंट कर सम्मानित किया तथा बैसाखी पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वातावरण श्रद्धा, सौहार्द और उत्साह से परिपूर्ण रहा।
हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेंद्रजीत सिंह बिंद्रा ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सिख समुदाय के कल्याण एवं धार्मिक आस्था के संरक्षण हेतु किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने हेमकुंड साहिब के लिए प्रस्तावित लगभग 1740 करोड़ रुपये की रोपवे परियोजना को श्रद्धालुओं के लिए मील का पत्थर बताते हुए कहा कि इससे यात्रा सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक होगी।
उन्होंने “वीर बाल दिवस” के आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस को राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाना सिख इतिहास के प्रति सम्मान को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हुए बैसाखी की शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह पर्व सांस्कृतिक समृद्धि, कृषि उन्नति और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए नानकमत्ता साहिब से अपने जुड़ाव का उल्लेख किया और गुरबाणी को जीवन में प्रेरणादायी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख समाज ने राष्ट्र निर्माण में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिख समुदाय के सम्मान एवं सुविधा के लिए लिए गए निर्णयों का उल्लेख करते हुए “वीर बाल दिवस” और अन्य पहलों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि “तीसरा दशक उत्तराखंड का दशक” संकल्प आज धरातल पर साकार हो रहा है और राज्य में सड़क, रेल, हवाई कनेक्टिविटी, पर्यटन एवं आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को राज्य के लिए ऐतिहासिक परियोजना बताते हुए कहा कि इससे यात्रा समय कम होगा और पर्यटन, व्यापार एवं निवेश को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजना को आस्था और आधुनिकता का संगम बताते हुए कहा कि इससे श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा मिलेगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सिख श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा यात्रा मार्ग पर आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार किया जा रहा है।
अंत में मुख्यमंत्री ने बैसाखी की पुनः शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमें एकता, परिश्रम और सेवा की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उत्तराखंड विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ेगा।



