अल्मोड़ा। उत्तराखंड सरकार की मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला ने बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचकर पत्रकारों के साथ विस्तृत प्रेसवार्ता की। अल्मोड़ा स्थित सर्किट हाउस अल्मोड़ा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया एक सशक्त माध्यम है, जो सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु का कार्य करता है।
प्रेसवार्ता के दौरान ध्रुव रौतेला ने कहा कि वर्तमान समय में सूचना का सही और तथ्यात्मक रूप से आमजन तक पहुंचना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारदर्शिता, विकास और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मीडिया न केवल सूचनाओं का प्रसार करता है, बल्कि समाज में जागरूकता पैदा करने का भी कार्य करता है।
उन्होंने पत्रकारों से अपील करते हुए कहा कि सकारात्मक संवाद और रचनात्मक पत्रकारिता लोकतंत्र को मजबूत करने में सहायक होती है। सरकार और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार मीडिया के साथ स्वस्थ संबंध स्थापित कर जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना चाहती है।
पत्रकार वार्ता के दौरान ध्रुव रौतेला ने पत्रकारों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। पत्रकारों ने क्षेत्रीय मीडिया से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उनके समक्ष रखा। इस दौरान उन्होंने आश्वासन दिया कि पत्रकारों से जुड़े विभिन्न विषयों एवं समस्याओं के समाधान के लिए शासन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के मजबूत स्तंभ हैं और उनके हितों तथा सुविधाओं का ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आज के समय में मीडिया की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के बढ़ते प्रभाव के बीच तथ्यात्मक और संतुलित पत्रकारिता की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है। उन्होंने पत्रकारों से समाजहित में जिम्मेदार पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह सहित जनपद के विभिन्न पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव साझा किए तथा मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर बल दिया।
प्रेसवार्ता के बाद ध्रुव रौतेला ने जिला सूचना कार्यालय अल्मोड़ा का निरीक्षण भी किया। इस दौरान जिला सूचना अधिकारी सत्यपाल सिंह ने उनका स्वागत करते हुए विभागीय कार्यों, कार्यालय स्टाफ, जनपद के मीडिया प्रतिनिधियों तथा जिले से प्रकाशित होने वाले समाचार पत्र एवं पत्र-पत्रिकाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान ध्रुव रौतेला ने कार्यालय कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया तथा प्रचार-प्रसार कार्यों एवं विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। उन्होंने प्रचार सामग्री के वितरण, पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं तथा विभाग द्वारा संचालित जनसंपर्क गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं, नीतियों और उपलब्धियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार करना सूचना विभाग का महत्वपूर्ण दायित्व है और इस जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निभाया जाना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सूचना विभाग को प्रेस और प्रशासन के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में कार्य करना चाहिए। इससे सरकार की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेगा और जनता में सरकार की योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से जनहित के कार्यों को और अधिक मजबूती मिलेगी।



