अल्मोड़ा । कुमाऊं की समृद्ध लोक संस्कृति, कला और परंपराओं को समर्पित कुमाऊं महोत्सव 2026 के द्वितीय दिवस एवं स्टार नाइट के प्रथम दिवस का आयोजन रविवार को उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, युवाओं तथा सांस्कृतिक प्रेमियों ने भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मनमोहन चौधरी द्वारा रिबन काटकर किया गया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भूपेंद्र वाल्दिया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कुमाऊं महोत्सव समिति के अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, मुख्य संयोजक हरीश कनवाल, वरिष्ठ रंगकर्मी देवेंद्र भट्ट (रिक्की भाई), शमशाद पिथौरागढ़ी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत ओपन माइक मंच से हुई, जिसमें स्थानीय प्रतिभाओं ने कविता, गीत, गजल और विभिन्न रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन किया। दर्शकों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इसके बाद बहुप्रतीक्षित वाद्य यंत्र प्रतियोगिता का फाइनल राउंड आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने अपनी संगीत प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता का अंतिम परिणाम महोत्सव के समापन दिवस पर घोषित किया जाएगा।
शाम ढलते ही स्टार नाइट का रंग जमने लगा और मंच पर उत्तराखंड के लोकप्रिय लोकगायक राकेश खानवाल ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ‘क्रीम पाउडर’, ‘मोहना मधुली’, ‘काला सूट’, ‘हिमाली’ और ‘हिट मधु’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे। राकेश खानवाल की प्रस्तुति ने पूरे माहौल को संगीतमय बना दिया।
कार्यक्रम में लोकगायक गोपाल चम्याल और विक्की गतियार ने भी अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दोनों कलाकारों की प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर नाविका जैरा द्वारा प्रस्तुत योग नृत्य ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनाया। योग और नृत्य के अद्भुत समन्वय से सजी इस प्रस्तुति ने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति को खूब सराहना मिली।
कार्यक्रम के दौरान ओपन माइक कार्यक्रम के प्रायोजक रमेशनंदी को भी सम्मानित किया गया। आयोजकों ने उनके सहयोग की सराहना करते हुए स्मृति चिह्न भेंट किया।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि कुमाऊं महोत्सव केवल मनोरंजन का मंच नहीं बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। महोत्सव के आगामी दिनों में भी अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और स्टार प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
देर रात तक चले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इसी के साथ कुमाऊं महोत्सव 2026 की स्टार नाइट का प्रथम दिवस सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।







