कर्नल जितेंद्र शर्मा ने अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा के महत्व पर किया प्रेरित
अल्मोड़ा। बियरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अल्मोड़ा में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के महत्व और उससे मिलने वाले अवसरों की जानकारी देने के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। 77 यूके बटालियन एनसीसी, अल्मोड़ा के कर्नल जितेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को एनसीसी के उद्देश्य, प्रशिक्षण, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया।
कर्नल जितेंद्र शर्मा ने कहा कि एनसीसी केवल प्रशिक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, जिम्मेदारी, देशभक्ति और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने कहा कि एनसीसी की गतिविधियों से विद्यार्थियों में समय की पाबंदी और जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
भविष्य में मिल सकते हैं बेहतर अवसर
कर्नल जितेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि एनसीसी कैडेट्स को शिक्षा, रोजगार और विभिन्न करियर क्षेत्रों में कई अवसर एवं लाभ मिल सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को एनसीसी के नियमों, प्रशिक्षण व्यवस्था और कैडेट के रूप में मिलने वाले अनुभवों की जानकारी दी।
विद्यालय की शैक्षणिक निदेशक एवं प्रधानाचार्या दीपिका विल्सन ने कर्नल जितेंद्र शर्मा का स्वागत एवं आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक है। उप प्रधानाचार्य हरीश कंडपाल ने विद्यार्थियों को एनसीसी के महत्व से अवगत कराते हुए अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन ने की कार्यक्रम की सराहना
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को एनसीसी के प्रति जागरूक करने के साथ उनमें नेतृत्व, आत्मविश्वास, अनुशासन और राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करना रहा।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से संस्थापक प्रबंधक निरुपमा भट्ट तलवार, सचिव तिलकराज तलवार, अध्यक्ष निरुपेन्द्र तलवार एवं मुस्कान तलवार ने कार्यक्रम की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय के एनसीसी अधिकारी प्रदीप जोशी एवं मीनाक्षी भाकुनी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार ने कर्नल जितेंद्र शर्मा के विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और प्रेरणादायक संबोधन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
बियरशिबा स्कूल के विद्यार्थियों को एनसीसी की दी जानकारी
Leave a Comment
Leave a Comment



