अल्मोड़ा, । पी.एम.श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में प्रवेशोत्सव समारोह एवं अभिभावक-शिक्षक संघ (पीटीए) गठन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करने के साथ-साथ विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान तथा अभिभावकों की सहभागिता को विशेष महत्व दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या, प्रबंध समिति एवं अभिभावक-शिक्षक संघ के प्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना, शास्त्रीय नृत्य तथा स्वागत गीत से हुई। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों का मन मोह लिया।
प्रधानाचार्या विजयलक्ष्मी ने विद्यालय की वार्षिक प्रगति आख्या प्रस्तुत करते हुए गत वर्ष की उपलब्धियों, शैक्षणिक परिणामों एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यालय की प्रगति में शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की साझा भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
पी.एम.श्री योजना-2025 की जानकारी अनुराधा शाह जेनोटी ने दी, जबकि पीटीए-2025 की रूपरेखा एवं उद्देश्य पूनित जोशी ने प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने कहा कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है।
समारोह के दौरान पुलिस विभाग से पहुंचे अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को बालिका सुरक्षा, साइबर अपराध तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। वहीं यातायात विभाग की टीम ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों तथा सुरक्षित आवागमन के संबंध में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वर्ष 2026 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान रहा। हाईस्कूल परीक्षा में गायत्री जोशी ने प्रथम, चंद्रा कनवाल ने द्वितीय तथा शालिनी बोरा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इंटरमीडिएट परीक्षा में ज्योत्सना बुटोला, कविता कार्की, दीया पांडे और किरण बिष्ट ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विज्ञान वर्ग में आशा बिष्ट, स्नेहा जोशी और तनुजा गोस्वामी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
विद्यालय को विभिन्न क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ विद्यालय के विकास में सहयोग देने वाले अभिभावकों को भी ‘जागरूक अभिभावक सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
तमाल मेमोरियल पुरस्कार के अंतर्गत हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्राओं को एक-एक हजार रुपये की धनराशि प्रदान की गई। विद्यालय कार्यकारिणी से जुड़े 18 विद्यार्थियों को भी प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान किए गए।
गृह परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कक्षा 12 के विद्यार्थियों को डॉक्यूमेंट फाइलें प्रदान की गईं। प्रवेशोत्सव के दौरान नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर उन्हें उपहार भेंट किए गए।
विज्ञान महोत्सव एवं विज्ञान प्रदर्शनी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कमला वर्मा द्वारा पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय देवप्रयाग से न्यायशास्त्र स्नातक दीक्षित जोशी ने प्रेरक व्याख्यान देते हुए मानव जीवन में स्वास्थ्य, शिक्षा और ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम का संचालन उमा तिवारी ने किया। अंत में प्रधानाचार्या ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सहयोग की अपेक्षा जताई।
पी.एम.श्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में प्रवेशोत्सव एवं पीटीए गठन समारोह आयोजित, मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित
Leave a Comment
Leave a Comment



