नगर निगम की पहल से गंदगी, दुर्गंध और आवारा पशुओं की समस्या से मिलेगी राहत; पार्षद ने नागरिकों से किया सहयोग का आह्वान
अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा ने नंदा देवी वार्ड के अंतर्गत त्रिपुरासुंदरी मंदिर के समीप लंबे समय से खुले में कूड़ा डाले जाने की समस्या के समाधान के लिए वहां रखा कूड़ेदान हटा दिया है। क्षेत्र में फैली गंदगी, दुर्गंध तथा बंदरों और आवारा गौवंश के जमावड़े से राहगीरों और स्थानीय लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
इस अवसर पर नंदा देवी वार्ड के पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ‘चीमा’ ने क्षेत्रवासियों एवं आसपास के वार्डों के नागरिकों से अपील की कि अब उक्त स्थान पर कोई भी कूड़ा न डाले। उन्होंने बताया कि नगर निगम का कूड़ा संग्रहण वाहन प्रतिदिन सुबह और शाम निर्धारित समय पर उसी स्थान पर पहुंचेगा, जहां नागरिक सीधे वाहन में ही अपना घरेलू कूड़ा डाल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ नगर का निर्माण संभव है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम के इस कदम की सराहना करते हुए महापौर अजय वर्मा एवं नगर आयुक्त का आभार व्यक्त किया। साथ ही नियमित डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह व्यवस्था शीघ्र शुरू करने का अनुरोध किया, जिससे मंदिर मार्ग सहित पूरे क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।
मौके पर झिझाड़ वार्ड पार्षद अमित साह, त्रिपुरा सुंदरी वार्ड पार्षद श्याम पांडे, पार्षद अभिषेक जोशी, सहायक नगर आयुक्त लक्ष्मण भंडारी, अमीन बसंत पांडे सहित नगर निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।



