दसवें वर्ष में प्रवेश पर विशेष उत्साह, धार्मिक अनुष्ठानों के साथ लोक संस्कृति की दिखेगी झलक
अल्मोड़ा। दुर्गा महोत्सव समिति, माल रोड, चौघानपाटा, जोशी खोला एवं थपलिया की ओर से आयोजित दुर्गा महोत्सव में इन दिनों श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना हुआ है। महोत्सव के दसवें वर्ष में प्रवेश करने पर क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पंडाल में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी हुई है। महिलाएं और बच्चे संकीर्तन के माध्यम से मां दुर्गा का गुणगान कर रहे हैं।
मुख्य शास्त्री राजेश जोशी एवं उनके सहयोगी केवलानंद भट्ट के सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान के साथ संपन्न कराए जा रहे हैं। प्रतिदिन शाम छह से आठ बजे तक आरती एवं पूजा-अर्चना होती है, जबकि रात्रि नौ बजे से भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
भजन संध्या में वृंदावन से पहुंचे मोहित खंडूरी एवं अनिल रावत ने मां दुर्गा के भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। देर रात तक चले भक्ति कार्यक्रम में श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर नजर आए। संगीत संगत में दीपक रावत, मिंटू, सुनील, गुड्डू भाई एवं रूपेश जोशी ने सहयोग किया।
महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों में महिलाओं के लिए मेहंदी रचाओ कार्यक्रम, पारंपरिक छपेली नृत्य और कुमाऊंनी लोक संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहेंगी। शाम के कार्यक्रमों में बाहरी कलाकारों के साथ स्थानीय लोक कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से मां भगवती का गुणगान करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, दस वर्षों की यात्रा में क्षेत्रवासियों के सहयोग और सहभागिता ने दुर्गा महोत्सव को आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र बनाया है। महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी है।
आयोजक: दुर्गा महोत्सव समिति, माल रोड, चौघानपाटा, जोशी खोला एवं थपलिया, अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा में दुर्गा महोत्सव की धूम, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
Leave a Comment
Leave a Comment




