भाजपा पदाधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर किया शुभारंभ, ऑनलाइन दर्शकों ने भी की मंचन की सराहना
अल्मोड़ा। कर्नाटक खोला स्थित श्री भुवनेश्वर महादेव मंदिर एवं रामलीला समिति की रामलीला के दूसरे दिन रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का आकर्षक मंचन किया गया। दशरथ-विश्वामित्र संवाद से लेकर ताड़िका वध, मारीच-सुबाहु युद्ध, अहिल्या उद्धार और गौरी पूजन तक कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों से दर्शकों को बांधे रखा। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे और देर रात तक मंचन का आनंद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा नगर अध्यक्ष नीरज सांगा, नगर महामंत्री आशीष डोगरा, जिला उपाध्यक्ष शुभम रौतेला, नगर उपाध्यक्ष नितिन भंडारी तथा युवा मोर्चा के जिला मंत्री गौरव भंडारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। अतिथियों ने रामलीला की प्रस्तुतियों को देखा और कलाकारों के प्रयासों की सराहना की।
कलाकारों के अभिनय ने जीता दर्शकों का दिल
द्वितीय दिवस की लीला में कोमल जोशी ने राम, गायत्री तिवारी ने लक्ष्मण, वैष्णवी जोशी ने सीता, मनीष तिवारी ने दशरथ और अनिल रावत ने विश्वामित्र की भूमिका निभाई। अमित कुमार ने ताड़िका, अमर बोरा ने सुबाहु तथा अभिषेक तिवारी ने मारीच का अभिनय किया। काव्या अल्मिया ने अहिल्या और निकन्द्रया ने गौरी की भूमिका निभाई। मिष्टी मेहता और खुशी आर्या सीता की सखियों के रूप में मंच पर नजर आईं। तनोज कर्नाटक ने वशिष्ठ की भूमिका निभाई।
ताड़िका के आतंक, ऋषियों के यज्ञ में विघ्न, राम-लक्ष्मण द्वारा राक्षसों का सामना करने तथा ताड़िका और सुबाहु वध के प्रसंगों ने दर्शकों में उत्साह पैदा किया। वहीं, अहिल्या उद्धार और गौरी पूजन की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
समिति की ओर से किए गए मंचन को दर्शकों ने सराहा। विशेष बात यह रही कि देश-विदेश में ऑनलाइन प्रसारण के माध्यम से रामलीला देख रहे लोगों ने भी संदेश भेजकर कलाकारों और आयोजकों की प्रशंसा की। इससे स्थानीय सांस्कृतिक परंपरा को व्यापक स्तर पर दर्शकों तक पहुंचाने में ऑनलाइन माध्यम की भूमिका भी सामने आई।
कार्यक्रम में भुवन पांडे, गौरव कांडपाल, हंसा दत्त कर्नाटक, बृजेश पांडे, नंदन बगड़वाल, कमल जोशी, रजनीश कर्नाटक, कौशल किशोर पांडे, अशरद अंसारी, प्रकाश चंद्र तिवारी, कपिल नयाल, प्रकाश मेहता, आशु रौतेला, सीमा कर्नाटक, विनोद कांडपाल, कमल पालीवाल, हेम जोशी, संतोष कुमार, आशा मेहता, कंचन पांडे, सृष्टि जनौटी, रेखा जनौटी, कविता पांडे, रीता पांडे, कमला तिवारी और चंपा तिवारी सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम का संचालन भावना मल्होत्रा ने किया। रामलीला के सफल आयोजन में समिति के सदस्यों और कलाकारों के सामूहिक प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
कर्नाटक खोला की रामलीला में कलाकारों ने जीवंत किए रामायण के प्रसंग
Leave a Comment
Leave a Comment




