
खबर सत्यवार्ता संवाददाता
काफलीखान (अल्मोड़ा)।
धौलादेवी विकासखंड के अंतर्गत वन पंचायत क्षेत्रीय परामर्शदात्री समिति के ब्लॉक अध्यक्ष हरीश चन्द्र तिवारी ने वन विभाग से वन पंचायतों को सोलर लाइट उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि जंगलों से सटे ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।
तिवारी ने बताया कि तेंदुआ, जंगली सूअर सहित अन्य हिंसक जानवर शाम ढलते ही बस्तियों की ओर आ जाते हैं। ऐसे में किसी भी समय ग्रामीणों पर हमले की आशंका बनी रहती है। विशेष रूप से छोटे बच्चों के लिए यह खतरा और अधिक गंभीर है।
उन्होंने कहा कि यदि गांवों के रास्तों और एकल परिवार वाली बस्तियों में सोलर लाइट लगाई जाती हैं, तो अंधेरे के कारण होने वाले जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। सोलर लाइट से न केवल आवागमन सुरक्षित होगा, बल्कि जंगली जानवरों की आवाजाही पर भी अंकुश लगेगा।
तिवारी ने यह भी आरोप लगाया कि वन क्षेत्राधिकारी पनुवानौला से कई बार अनुरोध करने के बावजूद अब तक वन पंचायतों को सोलर लाइट उपलब्ध नहीं कराई गई है। जबकि विभाग में लगातार सोलर लाइट की आपूर्ति हो रही है, इसके बावजूद वन पंचायतों की अनदेखी की जा रही है।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि ग्रामीणों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वन पंचायतों को शीघ्र सोलर लाइट उपलब्ध कराई जाए, ताकि जंगली जानवरों के बढ़ते खतरे से निजात मिल सके।



