अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा के डूबकिया वार्ड स्थित बड़ी बगीचा क्षेत्र में लंबे समय से कलमठ (जल निकासी मार्ग) में जमा मलबा एवं गंदगी की समस्या बनी हुई थी। स्थानीय लोगों की शिकायतों और बरसात के मौसम को देखते हुए पार्षद अंजू बिष्ट के प्रयासों से नगर निगम ने जेसीबी मशीन लगाकर कलमठ की व्यापक सफाई कराई। सफाई अभियान के दौरान जल निकासी मार्ग से मलबा, झाड़ियां एवं अन्य अवरोध हटाए गए, जिससे पानी की निकासी सुचारु होने की उम्मीद है।
पार्षद अंजू बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर लगातार स्थानीय नागरिकों की ओर से शिकायतें मिल रही थीं। इसे गंभीरता से लेते हुए नगर निगम प्रशासन से सफाई कराने का अनुरोध किया गया, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीन की सहायता से सफाई अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नालियों और कलमठों की समय पर सफाई अत्यंत आवश्यक है, ताकि जलभराव, दुर्गंध और अन्य समस्याओं से लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने नगर निगम के महापौर का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण समस्या का समाधान संभव हो सका।
पार्षद अंजू बिष्ट ने सफाई निरीक्षक राजपाल पवार एवं सफाई अभियान में जुटे सभी कर्मचारियों के कार्य की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की टीम ने तत्परता के साथ कार्य कर क्षेत्रवासियों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया है। स्थानीय लोगों ने भी सफाई कार्य पर संतोष व्यक्त करते हुए भविष्य में नियमित सफाई व्यवस्था बनाए रखने की मांग की।
डूबकिया वार्ड के बड़ी बगीचा में कलमठ की सफाई, पार्षद अंजू बिष्ट ने जताया आभार
Leave a Comment
Leave a Comment



