जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष मिली लटवाल रहीं मुख्य अतिथि, 10 दर्शकों को लकी ड्रॉ में मिले पुरस्कार
अल्मोड़ा। नगर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान श्री लक्ष्मी भंडार हुक्का क्लब की रामलीला के द्वितीय दिवस पर धनुष यज्ञ प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। कलाकारों ने प्रभावशाली संवादों, सजीव अभिनय और मधुर गायन के माध्यम से भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े इस महत्वपूर्ण प्रसंग को जीवंत कर दिया। धनुष भंग होते ही रामलीला परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा और दर्शक भक्तिभाव से सराबोर हो गए।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक लिमिटेड, अल्मोड़ा की अध्यक्ष मिली लटवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ ललित लटवाल, लाला बाजार स्थित लक्ष्मी मेडिकल स्टोर के राघव पंत, होटल मिलम की राधा बिष्ट, जूनियर प्रबंधक संतोष गंगोला तथा कमल शाह भी मौजूद रहे। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि मिली लटवाल ने हुक्का क्लब की ऐतिहासिक रामलीला की सराहना करते हुए कहा कि रामलीला भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा से परिचित कराने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन से जुड़े कलाकारों और सदस्यों के समर्पण की प्रशंसा की।
धनुष यज्ञ के मंचन में जनकपुर में आयोजित माता सीता के स्वयंवर का दृश्य प्रमुख आकर्षण रहा। अनेक राजा-महाराजाओं द्वारा भगवान शिव के दिव्य धनुष को उठाने में असफल रहने के बाद गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से भगवान श्रीराम ने धनुष उठाकर प्रत्यंचा चढ़ाई, जिससे धनुष भंग हो गया। इस दृश्य को कलाकारों ने शानदार अभिनय और संवादों के माध्यम से प्रस्तुत किया। राजा जनक की चिंता, राजाओं के प्रयास और भगवान श्रीराम की दिव्यता का मंचन दर्शकों को खूब पसंद आया।
हुक्का क्लब की रामलीला अल्मोड़ा की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। संस्था के सदस्य वर्षों से अपने श्रम, समय और समर्पण के माध्यम से इस परंपरा को जीवंत बनाए हुए हैं। रामलीला के सफल आयोजन में संस्था अध्यक्ष धरनीधर पांडे, सचिव विनीत बिष्ट तथा पूर्व सभासद एवं रामलीला संयोजक राजेंद्र तिवारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
आयोजन की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं में त्रिभुवन गिरी, हर्षवर्धन वर्मा, मीनाक्षी साह अग्रवाल, मीनाक्षी जोशी, ललित मोहन साह, मनोज साह, भारत गोस्वामी, कंचन बिष्ट, विजय चौहान, कैलाश साह एवं कारीगरों ने सहयोग किया। इनके अतिरिक्त अभय उप्रेती, मनिंकरण गुप्ता, मानस वाणी, पारस, रोहित साह, हरेंद्र वर्मा, चंद्रशेखर कांडपाल, जगत मोहन जोशी, अभय साह, विनोद गिरी एवं श्री मिश्रा सहित अनेक सदस्यों ने योगदान दिया।
चंदन आर्या, गौरव तिवारी, आकांक्षा, नीलम भट्ट, गीता तिवारी, हर्षिता तिवारी, अजय साह, श्री अंडोला, संजय साह, कमल वर्मा, प्रेम प्रकाश, सुंदर जनौटी, हिमांशु कांडपाल, मनोज जोशी, योगेश जोशी सहित अन्य सदस्यों ने भी विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। अनुशासन व्यवस्था अजय चौहान एवं दीवान बिष्ट ने संभाली, जबकि कार्यक्रम का संचालन प्रीति भट्ट ने किया।
दर्शकों के उत्साह को बढ़ाने के लिए कार्यक्रम के अंत में लकी ड्रॉ आयोजित किया गया, जिसमें 10 भाग्यशाली दर्शकों को पुरस्कार प्रदान किए गए। क्लब की ओर से प्रतिदिन आयोजित की जा रही इस पहल को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
संस्था के पदाधिकारियों ने नगरवासियों से परिवार सहित रामलीला में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने और अल्मोड़ा की इस ऐतिहासिक सांस्कृतिक धरोहर को संरक्षित रखने में सहयोग देने की अपील की।
धनुष भंग होते ही जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा रामलीला परिसर
Leave a Comment
Leave a Comment




