रात में बारिश के बाद पार्षद अंजू बिष्ट और राकेश बिष्ट ने किया निरीक्षण, खराब स्ट्रीट लाइटों को किया चिह्नित
अल्मोड़ा। नवरात्रि एवं रामलीला पर्व को देखते हुए डूबकिया वार्ड में पथ प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने की पहल की गई है। रात में बारिश के बावजूद पार्षद अंजू बिष्ट और राकेश बिष्ट ने वार्ड का भ्रमण कर स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान जिन स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब थीं या जल नहीं रही थीं, उन्हें चिह्नित किया गया।
निरीक्षण के दौरान वार्ड की प्रकाश व्यवस्था का जायजा लेते हुए पार्षदों ने उन स्थानों की पहचान की, जहां रात के समय पर्याप्त रोशनी नहीं होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो सकती है। आगामी नवरात्रि और रामलीला आयोजन को ध्यान में रखते हुए इन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इस संबंध में नगर आयुक्त को लिखित पत्र भी सौंपा गया है। पत्र के माध्यम से खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने तथा जिन स्थानों पर लाइटें उपलब्ध नहीं हैं, वहां नई लाइटें लगवाने की मांग की गई है।
पार्षदों का प्रयास है कि नवरात्रि पर्व शुरू होने से पहले चिह्नित स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइटें लगवा दी जाएं, ताकि वार्डवासियों को रात के समय आवागमन में सुविधा मिल सके। इसके साथ ही त्योहारों के दौरान वार्ड में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
पार्षद अंजू बिष्ट और राकेश बिष्ट ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में सड़कों और सार्वजनिक मार्गों पर उचित प्रकाश व्यवस्था होना जरूरी है। खराब स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराने और अंधेरे वाले स्थानों पर नई लाइटें लगवाने के लिए संबंधित नगर निगम अधिकारियों से कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर निगम की ओर से समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, जिससे नवरात्रि और रामलीला के दौरान वार्डवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।




