कांग्रेस से सोमेश्वर विधानसभा की दावेदारी कर रहे डॉ. अजयपाल ने ताकुला के गांवों में किया जनसंपर्क
सोमेश्वर/अल्मोड़ा। सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी से दावेदारी कर रहे डॉ. अजयपाल ने रविवार को ताकुला ब्लॉक के विभिन्न गांवों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और गांवों की रोजमर्रा की परेशानियों की जानकारी ली।
जनसंपर्क अभियान के तहत पनेर गांव में आयोजित ‘जन मिलन’ कार्यक्रम में ग्रामीणों ने क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने कहा कि सोमेश्वर क्षेत्र से लगातार तीन बार भाजपा की विधायक रेखा आर्या के प्रतिनिधित्व के बावजूद पनेर गांव आज भी सड़क समेत कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित है।
ग्रामीणों का कहना था कि आजादी के दशकों बाद भी गांव तक पक्की सड़क जैसी प्राथमिक सुविधा नहीं पहुंच सकी है। इसके कारण ग्रामीणों को आवागमन सहित अन्य रोजमर्रा की जरूरतों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. अजयपाल ने कहा कि यदि लगातार तीन कार्यकाल तक सत्ता में रहने के बावजूद किसी गांव में सड़क जैसी प्राथमिक सुविधा उपलब्ध नहीं है, तो यह शासन और जनप्रतिनिधित्व की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
उन्होंने कहा कि सोमेश्वर क्षेत्र की जनता इस बार बदलाव के लिए तैयार है। डॉ. अजयपाल ने पनेर सहित क्षेत्र के अन्य उपेक्षित गांवों की समस्याओं के स्थायी समाधान और सोमेश्वर विधानसभा के समग्र विकास के लिए कार्य करने का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा उन्होंने थापला गांव में भी जनमिलन बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र बाराकोटी, ताकुला ब्लॉक अध्यक्ष बहादुर सिंह मेहता, महिला मोर्चा अध्यक्ष हेमा भंडारी, युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक सिंह बोहरा, शंकर सिंह रावत, सुनील बाराकोटी, राजेंद्र प्रसाद टम्टा, दिनेश पिलख्वाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



