सोमेश्वर। हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सोमेश्वर में गुरुवार को उच्च शिक्षा उत्तराखंड के उपनिदेशक डॉ. आर. एस. भाकुनी ने महाविद्यालय का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। महाविद्यालय पहुंचने पर प्राचार्य प्रो. अवनीन्द्र कुमार जोशी एवं समस्त स्टाफ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
भ्रमण के दौरान डॉ. भाकुनी ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों, समस्याओं एवं जिज्ञासाओं को गंभीरता से सुना। इसके बाद उन्होंने विभिन्न विभागों के प्राध्यापकों के साथ बैठक कर शैक्षणिक गुणवत्ता, शिक्षण व्यवस्था तथा संस्थान के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
उपनिदेशक डॉ. भाकुनी ने महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा उच्च शिक्षा के उन्नयन के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने महाविद्यालय में संचालित शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की सराहना करते हुए भविष्य में और बेहतर कार्य करने के लिए प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रो. अवनीन्द्र कुमार जोशी ने उपनिदेशक डॉ. भाकुनी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सुझावों को महाविद्यालय के विकास एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में वृद्धि के लिए प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक डॉ. आर. एस. भाकुनी ने किया सोमेश्वर महाविद्यालय का निरीक्षण, दिए महत्वपूर्ण सुझाव
Leave a Comment
Leave a Comment



