अल्मोड़ा। नगर से सटी ग्रामसभा अथरबनी के निचले क्षेत्र को सड़क मार्ग से जोड़ने की दिशा में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने पहल शुरू कर दी है। लंबे समय से सड़क सुविधा से वंचित ग्रामीणों की मांग पर बुधवार को विभागीय अधिकारियों ने प्रस्तावित मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विकल्पों का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता कैलाश चंद्र एवं अवर अभियंता हितांशी नैलवाल ने क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने राजकीय मेडिकल कॉलेज, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट तथा अन्य संभावित संपर्क मार्गों से सड़क जोड़ने की तकनीकी संभावनाओं का आकलन किया।
ग्रामीणों ने अधिकारियों को बताया कि सड़क के अभाव में दैनिक आवागमन, विद्यार्थियों की शिक्षा, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और कृषि उत्पादों के परिवहन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने सर्वेक्षण शीघ्र पूरा कर सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ करने की मांग की।
ग्राम प्रधान विनोद जोशी, उपप्रधान रमेश भोज एवं अन्य ग्रामीणों ने अधिकारियों के साथ प्रस्तावित मार्ग पर चर्चा करते हुए क्षेत्र की आवश्यकताओं से अवगत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से मेडिकल कॉलेज, विकास भवन, कलेक्ट्रेट तथा अन्य सरकारी संस्थानों तक पहुंच आसान होगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान सुंदर गंगोला, सुरेंद्र बिष्ट, पंकज भंडारी, हरीश भंडारी, मोहन कड़ाकोटी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने उम्मीद जताई कि विभाग शीघ्र आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर सड़क निर्माण कार्य शुरू करेगा।
अथरबनी के निचले क्षेत्र को सड़क से जोड़ने की कवायद शुरू, पीडब्ल्यूडी ने किया स्थलीय निरीक्षण
Leave a Comment
Leave a Comment



