अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा के झिझाड़ एवं पांडेखोला वार्ड में डस्टबिन वितरण नहीं होने से नाराज दोनों वार्डों के पार्षदों ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर उपेक्षा का आरोप लगाया। पार्षदों का कहना है कि नगर निगम द्वारा अन्य वार्डों में डस्टबिन वितरित किए जा रहे हैं, जबकि उनके वार्डों को योजना से वंचित रखा गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि इस भेदभावपूर्ण कार्यप्रणाली से दोनों वार्डों के लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। पार्षदों ने मांग की कि झिझाड़ एवं पांडेखोला वार्ड में भी शीघ्र डस्टबिन वितरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।
पार्षदों ने डस्टबिन वितरण की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह कार्य पर्यावरण मित्रों से कराया जा रहा है, जिससे उनके नियमित कार्यों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारी का बोझ बढ़ रहा है। उनका कहना है कि डस्टबिन वितरण का ठेका जिस एजेंसी या व्यक्ति को दिया गया है, उसी के माध्यम से यह कार्य कराया जाना चाहिए ताकि वितरण प्रक्रिया व्यवस्थित ढंग से पूरी हो सके।
उन्होंने नगर आयुक्त से सभी वार्डों के साथ समान व्यवहार करते हुए झिझाड़ एवं पांडेखोला वार्ड की अनदेखी समाप्त करने तथा जल्द से जल्द डस्टबिन उपलब्ध कराने की मांग की। ज्ञापन सौंपने वालों में झिझाड़ वार्ड के पार्षद अमित साह ‘मोनू’ एवं पांडेखोला वार्ड की पार्षद ज्योति साह शामिल रहे।




