📰 खबर सत्यवार्ता
संवाददाता, नैनीताल/अल्मोड़ा
नैनीताल/अल्मोड़ा। विश्व प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर संत समाज ने चिंता जताई है। महामंडलेश्वर एवं मुख्य पुजारी स्वामी कैलाशानंद महाराज ने कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत को ज्ञापन सौंपकर धाम में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि धाम में संस्कृत महाविद्यालय, अस्पताल, धर्मशाला एवं समुचित वाहन पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। साथ ही पिछले दो वर्षों से मंदिर प्रबंधन समिति का गठन न होने से व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं। धाम के आसपास लगे सोलर स्ट्रीट लाइट भी खराब पड़ी हैं, जिनका शीघ्र निवारण आवश्यक बताया गया।
स्वामी कैलाशानंद महाराज ने बताया कि श्रद्धालुओं एवं संतों की सुविधा के लिए उनके द्वारा धाम में भव्य आश्रम एवं धर्मशाला का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर वर्ष लाखों श्रद्धालु जागेश्वर धाम पहुंचते हैं, लेकिन पार्किंग स्थल धाम से करीब तीन किलोमीटर पहले होने के कारण लोगों को आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने यह भी बताया कि गर्मियों के कुछ महीनों में शटल सेवा संचालित होती है, लेकिन अन्य समय में मंदिर के आसपास सड़क किनारे वाहन खड़े होने से जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस समस्या के समाधान के लिए उन्होंने आयुक्त से धाम के समीप पार्किंग हेतु भूमि का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।
इस पर आयुक्त दीपक रावत ने जागेश्वर मंदिर के आसपास पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थान का चयन कर उसका गूगल मैप एवं फोटो उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही उन्होंने शीघ्र ही जागेश्वर धाम का दौरा कर जनहित से जुड़ी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कृष्णचन्द्र काण्डपाल (अखाड़ा प्रवक्ता), विनोद जोशी एवं अमित भट्ट भी उपस्थित रहे।
जागेश्वर धाम में मूलभूत सुविधाओं की कमी पर संत समाज ने उठाई आवाज, आयुक्त को सौंपा ज्ञापन
Leave a Comment
Leave a Comment



