
अल्मोड़ा।
नगर निगम अल्मोड़ा में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत आम जनमानस को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किए जाने हेतु एक कार्यशाला का आयोजन नगर निगम सभागार में किया गया। कार्यशाला का आयोजन नगर निगम अल्मोड़ा, पंचायती राज विभाग, श्रम एवं सेवायोजन विभाग के संयुक्त समन्वय से किया गया।
कार्यशाला का संचालन सिटी मिशन मैनेजर शान्ता गुरुरानी द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को वर्तमान में संचालित सभी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर अजय वर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा है कि अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने योजनाओं का लाभ लेने में आ रही समस्याओं के त्वरित समाधान का आश्वासन भी दिया।
कार्यशाला में सहायक नगर आयुक्त लक्षमण भण्डारी एवं प्रशासनिक अधिकारी मुकेश भण्डारी ने नक्सा प्रोजेक्ट के अंतर्गत जमीनी दस्तावेजों, आवास योजनाओं, खाता-खतौनी तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से संबंधित समस्याओं के समाधान की जानकारी दी।
सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र ने पंचायत क्षेत्रों में संचालित मत्स्य योजना एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं की जानकारी दी। वहीं श्रम एवं प्रवर्तन अधिकारी राजेन्द्र बिष्ट ने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, ई-श्रम कार्ड तथा निर्माण श्रमिकों से संबंधित योजनाओं के लाभों के बारे में विस्तार से बताया।
सेवायोजन विभाग से मनोज बिष्ट एवं दीपक टॉक ने 10वीं, 12वीं एवं स्नातक उत्तीर्ण बेरोजगार युवाओं के पंजीकरण, सरकारी एवं निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यशाला में नगर निगम कार्यालय से प्रशासनिक अधिकारी मुकेश भण्डारी, सहायक जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चन्द्र, दीपक टॉक सहित जेएनयूएम कार्यालय से रमेश चन्द्र तिवारी, दीपा जोशी, गीता भट्ट सहित लगभग 45 नागरिक उपस्थित रहे और योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।


