
डुबकियाँ (अल्मोड़ा)।
डुबकियाँ वार्ड में तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पार्षद अंजू बिष्ट ने वन विभाग की टीम के साथ वार्ड में रात्रि गश्त की। गश्त के दौरान स्थानीय नागरिक राकेश बिष्ट भी मौजूद रहे।
वन विभाग की टीम में वन बीट अधिकारी विवेक तिवारी, वन दरोगा एस.एस. नेगी तथा नीरज नेगी शामिल रहे। टीम ने तेंदुए की संभावित आवाजाही वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और लोगों को सतर्क रहने की अपील की।
पार्षद अंजू बिष्ट ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि है और तेंदुए के आतंक से निजात दिलाने के लिए वन विभाग के साथ समन्वय कर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वन विभाग ने भी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर पिंजरा लगाने की बात कही है।


