
अल्मोड़ा। अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर शनिवार को जनप्रतिनिधियों एवं रेड क्रॉस सोसाइटी अल्मोड़ा ने प्राचार्य का घेराव किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर कई गंभीर मुद्दे उठाए और तत्काल प्रभाव से ठोस कार्रवाई की मांग की।
घेराव के दौरान पूर्व दर्जा मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा मेडिकल कॉलेज को करोड़ों रुपए उपलब्ध कराए जाने के बावजूद प्रशासनिक लापरवाही के चलते स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि लगातार मेडिकल कॉलेज प्रशासन की उदासीनता की शिकायतें सामने आ रही थीं, इसलिए जनहित में प्राचार्य से सवाल-जवाब किए गए।
उन्होंने कैथ लैब और डायलिसिस सेवाओं की शुरूआत में हो रही देरी पर कड़ी आपत्ति जताई। कर्नाटक ने बताया कि प्रदेश सरकार हृदय रोगियों के लिए कैथ लैब की स्वीकृति पहले ही दे चुकी है, लेकिन प्रशासन की हीला-हवाली से इसका संचालन अब तक शुरू नहीं हो पाया है। इसी प्रकार, डायलिसिस सुविधा के लिए भी उच्च स्तर पर कोई कागजी कार्यवाही नहीं की गई है, जिससे किडनी के मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गर्भवती महिलाओं के ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों द्वारा चार यूनिट ब्लड उपलब्ध कराने की अनावश्यक मांग की जाती है, जिससे मरीजों के परिजन मानसिक और आर्थिक रूप से परेशान होते हैं। इसके अलावा, एंबुलेंस सेवा की अव्यवस्था पर नाराज़गी जताते हुए मेडिकल कॉलेज में कार्डियो एंबुलेंस उपलब्ध कराने की मांग की गई।
इसी क्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने मांग की कि चिकित्सक मरीजों से बेहतर व्यवहार करें तथा यदि आवश्यक हो तो महीने में एक बार अनुशासन संबंधी कक्षा आयोजित की जाए। साथ ही बेस अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में चार व्हीलचेयर तत्काल उपलब्ध कराने की मांग रखी गई, जिस पर प्राचार्य ने तुरंत कार्रवाई का आश्वासन दिया।
आश्वासन पर निर्भर रहेगी आगे की रणनीति
वार्ता के परिणामस्वरूप प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैसोड़ा ने आश्वासन दिया कि चार माह के भीतर कैथ लैब शुरू कर दी जाएगी, जिससे हृदय रोगियों को अन्य शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। साथ ही कार्डियो एंबुलेंस और डायलिसिस सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया।
पूर्व दर्जा मंत्री कर्नाटक ने सख्त चेतावनी दी कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लापरवाही से सरकार की छवि धूमिल हो रही है, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि भविष्य में भी मरीजों को समस्याओं का सामना करना पड़ा, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
उपस्थित रहे जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी
इस घेराव कार्यक्रम में बिट्टू कर्नाटक, मनोज सनवाल (प्रदेश उपाध्यक्ष, रेड क्रॉस), हरीश कनवाल, भगवत आर्या (क्षेत्र पंचायत सदस्य), पारू उप्रेती (ग्राम प्रधान), पार्षद अमित साह, अभिषेक जोशी, अर्जुन बिष्ट, कैलाश गुरूरानी, भूपेंद्र सिंह बिष्ट (प्रतिनिधि ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख), आशीष वर्मा, मंटू भंडारी, रीता दुर्गापाल, पुष्पा सती, आशा कर्नाटक, हरीश बिष्ट, ललित जनौटी, हयात सिंह बिष्ट, देवेन्द्र कर्नाटक, हेम जोशी, दिनेश कुमार, ग्राम प्रधान विनोद जोशी, अभिषेक तिवारी, प्रकाश मेहता सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।
वहीं प्राचार्य डॉ. सी.पी. भैसोड़ा और चिकित्सा अधीक्षक अमित कुमार भी उपस्थित रहे।




