
अल्मोड़ा। हवालबाग ब्लॉक प्रमुख के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार को हिमानी कुंडू को ब्लॉक प्रमुख पद के लिए अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया। प्रत्याशी की घोषणा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं में उत्साह का माहौल रहा। इसी कड़ी में नगर में एक स्वागत एवं मिष्ठान वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भारी संख्या में शिरकत की।
प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाया है। हिमानी कुंडू के चयन से संगठन को मजबूती मिलेगी और ब्लॉक क्षेत्र में जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर चुनाव प्रचार में जुटें और भारी मतों से पार्टी की जीत सुनिश्चित करें।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, वरिष्ठ नेता रवि रौतेला सहित कई गणमान्य नेता मंच पर मौजूद रहे। उन्होंने हिमानी कुंडू को पार्टी का आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किए जाने पर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में हवालबाग ब्लॉक में विकास की नई इबारत लिखी जाएगी।
शर्मा ने कहा कि भाजपा हमेशा संगठन और सेवा के भाव के साथ कार्य करती है। हिमानी कुंडू को प्रत्याशी बनाकर पार्टी ने एक युवा और ऊर्जावान चेहरे को आगे लाने का काम किया है, जो जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेंगी। पूर्व राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि यह चुनाव केवल एक पद के लिए नहीं बल्कि हवालबाग क्षेत्र के विकास की दिशा तय करने वाला है।
मिष्ठान वितरण कार्यक्रम में ग्राम पंचायत सदस्य कपिल मल्होत्रा और भावना मल्होत्रा, भाजपा नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट, मण्डल अध्यक्ष हवालबाग संजय बिष्ट, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अर्जुन बिष्ट, पार्षद अभिषेक जोशी, पूर्व सभासद जगमोहन बिष्ट, पूर्व सभासद मनोज जोशी, पूर्व सभासद सौरभ वर्मा, जिला उपाध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, मंडल महामंत्री मनीष सिंह, उपाध्यक्ष कुंदन कुमार बिष्ट, मंडल उपाध्यक्ष दीपक अधिकारी, रवि चौहान, हिमांशी रावत लाला, सुनील नेगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा, हरीश कनवाल, देवेंद्र भट्ट, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष नवीन बिष्ट, नीरज संगा, संकेत सुप्याल, बालकृष्ण जोशी, दिनेश मठपाल, रोहित शैली, हरेंद्र शैली सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में हिमानी कुंडू ने कहा कि पार्टी ने जो भरोसा उन पर जताया है, उसे वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निभाएंगी। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य हवालबाग ब्लॉक को शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में मॉडल ब्लॉक बनाना है। वे महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए रोजगार सृजन को प्राथमिकता देंगी।
मिष्ठान वितरण के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारों और जयघोष के साथ उत्सव जैसा माहौल बना दिया। कई स्थानों पर पटाखे छोड़े गए और ढोल-नगाड़ों की थाप पर कार्यकर्ताओं ने नृत्य कर खुशी जताई। कार्यक्रम में उपस्थित सभी नेताओं ने हिमानी कुंडू को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का संचालन मंडल महामंत्री मनीष सिंह ने किया और आभार व्यक्त मंडल अध्यक्ष संजय बिष्ट ने किया। उन्होंने कहा कि हवालबाग के विकास के लिए भाजपा का संकल्प मजबूत है और पार्टी के सभी कार्यकर्ता इस दिशा में पूरी ताकत से काम करेंगे।
इस अवसर पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती का संदेश देते हुए आगामी चुनाव में भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लिया।





