गोल्ज्यू महाराज की गाथा पर आधारित फिल्म में अल्मोड़ा के तीन प्रतिभाशाली कलाकार निभा रहे महत्वपूर्ण भूमिकाएं
अल्मोड़ा। कुमाऊं के लोक देवता एवं न्यायकारी देवता गोल्ज्यू महाराज की गाथा पर आधारित उत्तराखंड की पहली VFX फिल्म ‘बाला गोरिया’ आगामी 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को दर्शक अपने नजदीकी सिनेमाघरों में देख सकेंगे। फिल्म के रिलीज होने की खबर से अल्मोड़ा समेत समूचे उत्तराखंड के कला एवं संस्कृति प्रेमियों में उत्साह है।
हिमाद्री प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले निर्मित इस फिल्म की कहानी, लेखन एवं निर्देशन नितिन तिवारी ने किया है, जबकि फिल्म के निर्माता मनोज चंदोला हैं। फिल्म के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और लोक देवताओं की गाथा को आधुनिक तकनीक और प्रभावशाली अंदाज में बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है।
फिल्म ‘बाला गोरिया’ अल्मोड़ा के लिए भी विशेष महत्व रखती है, क्योंकि अल्मोड़ा की प्रतिभाशाली कलाकार एवं विहान सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था की अध्यक्षा ममता वाणी भट्ट फिल्म में बाला गोरिया की मां की महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। स्थानीय कलाकार का बड़े पर्दे पर महत्वपूर्ण किरदार निभाना क्षेत्र के कलाकारों के लिए भी गौरव का विषय माना जा रहा है।
इसी क्रम में विहान सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था अल्मोड़ा के संरक्षक एवं राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय, नई दिल्ली के पूर्व छात्र आलोक वर्मा फिल्म में मुख्य खलनायक की भूमिका निभा रहे हैं। वहीं संस्था के कोषाध्यक्ष एवं अल्मोड़ा के वरिष्ठ रंगकर्मी नरेश बिष्ट फिल्म में बाला गोरिया के पिता की महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे।
अल्मोड़ा के तीनों कलाकारों की फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिका को स्थानीय कला एवं रंगमंच के लिए बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। ममता वाणी भट्ट, आलोक वर्मा और नरेश बिष्ट लंबे समय से सांस्कृतिक एवं रंगमंचीय गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। अब उनकी प्रतिभा बड़े पर्दे के माध्यम से व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचेगी।
फिल्म के जरिए उत्तराखंड के लोक देवता गोल्ज्यू महाराज की गाथा को नई पीढ़ी के साथ देश-दुनिया के दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। फिल्म में लोक आस्था, संस्कृति और परंपराओं को आधुनिक VFX तकनीक के साथ प्रस्तुत किया गया है, जिससे दर्शकों को उत्तराखंड की लोकगाथा का एक नया सिनेमाई अनुभव मिलने की उम्मीद है।
स्थानीय लोगों एवं कला प्रेमियों ने फिल्म से जुड़े कलाकारों को शुभकामनाएं देते हुए अपील की है कि 16 अक्टूबर को अधिक से अधिक लोग सिनेमाघरों में पहुंचकर ‘बाला गोरिया’ फिल्म देखें और उत्तराखंड की प्रतिभाओं, लोक संस्कृति एवं कला को अपना समर्थन दें।
फिल्म से जुड़े लोगों ने भी अल्मोड़ा एवं उत्तराखंडवासियों से फिल्म की प्रचार सामग्री और पोस्ट को अधिक से अधिक साझा करने की अपील की है, ताकि उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित इस फिल्म को व्यापक दर्शक वर्ग तक पहुंचाया जा सके।
‘बाला गोरिया’ — 16 अक्टूबर से आपके नजदीकी सिनेमाघरों में।
हिमाद्री प्रोडक्शन हाउस
लेखक एवं निर्देशक — नितिन तिवारी
निर्माता — मनोज चंदोला
16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी उत्तराखंड की पहली VFX फिल्म ‘बाला गोरिया’
Leave a Comment
Leave a Comment



