
अल्मोड़ा।
डोटियाल गाँव, ताकुला स्थित डॉ. लीलाधर भट्ट एस.आर.वी.एम. इंटर कॉलेज के तत्वावधान में राम कथा का भव्य आयोजन रविवार, 4 जनवरी को प्रातः 11:30 बजे से अल्मोड़ा स्थित होटल शिखर में किया जा रहा है। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन विद्यालय परिवार और प्रबंधन समिति के संयुक्त प्रयासों से सम्पन्न होगा।
राम कथा के आयोजन की निर्देशक विद्यालय की प्रशासनिक अधिकारी (डायरेक्टर – विद्यालय प्रशासन) मीनाक्षी पाठक हैं। विद्यालय की अध्यक्ष डॉ. वसुधा पंत, प्रबंधक मंगल सिंह बिष्ट तथा समर्पित प्रबंधन समिति के सहयोग से यह कार्यक्रम साकार रूप ले रहा है।
इस अवसर पर विद्यालय के निर्धन, जुझारू एवं कर्मठ विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। बच्चों की यह प्रस्तुति ग्रामीण प्रतिभा, संस्कार एवं साधना का सजीव परिचय कराएगी और दर्शकों को भावविभोर करेगी।
विद्यालय की प्रबंधन समिति में अनेक सेवानिवृत्त एवं प्रतिष्ठित व्यक्तियों का सक्रिय योगदान रहा है। इनमें डॉ. गोकुल सिंह रावत, सुरेश पांडेय, सी.एल. वर्मा, एल.एम. कर्नाटक, डॉ. विनोद पांडेय, होटल शिखर के मैनेजिंग डायरेक्टर राजेश बिष्ट, संस्था की सबसे वरिष्ठ एवं कर्मठ सदस्या लज्जा पंत तथा गणेश दत्त भट्ट प्रमुख रूप से सम्मिलित हैं।
उल्लेखनीय है कि यह विद्यालय कुछ प्रबुद्ध एवं सेवानिवृत्त व्यक्तियों के दान व सहयोग से संचालित हो रहा है। न्यूनतम शुल्क में ग्रामीण बच्चों के चतुर्मुखी विकास के लिए समर्पित यह शैक्षिक संस्थान डोटियाल गाँव, ताकुला क्षेत्र में शिक्षा, संस्कार एवं सामाजिक चेतना के प्रसार का एक छोटा किंतु सार्थक प्रयास है।
विद्यालय परिवार की ओर से समस्त धर्मप्रेमी जनों, अभिभावकों एवं नागरिकों से अपील की गई है कि वे इस राम कथा में पधारकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और बच्चों का उत्साहवर्धन करें।


