सोमेश्वर महाविद्यालय में पुरातन छात्र सम्मेलन भी हुआ संपन्न, विद्यार्थियों को दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
सोमेश्वर, अल्मोड़ा। हुकुम सिंह बोरा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सोमेश्वर में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ (ओरिएंटेशन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के साथ ही पुरातन छात्र सम्मेलन भी आयोजित हुआ, जिसमें पूर्व छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए नवागत विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य भुवन जोशी रहे, जबकि अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अवनीन्द्र कुमार जोशी ने की। इस दौरान महाविद्यालय के विभिन्न प्राध्यापकों ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), छात्रवृत्ति योजनाओं, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, क्रीड़ा, कैरियर काउंसलिंग एवं परीक्षा प्रणाली सहित महाविद्यालय की विभिन्न योजनाओं और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।
पुरातन छात्र सम्मेलन में महाविद्यालय के पूर्व छात्र-छात्राओं ने संस्था से जुड़े अपने अनुभव एवं विचार साझा किए। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ-साथ महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि भुवन जोशी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय की गतिविधियों की सराहना की। वहीं अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रोफेसर ए.के. जोशी ने नवागत विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, नियमित अध्ययन एवं समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ कार्यक्रम आयोजित
Leave a Comment
Leave a Comment



