
35 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को किया जाएगा नमन
अल्मोड़ा। 35 वर्ष पूर्व अल्मोड़ा की पवित्र धरती से आरंभ हुए राम ज्योति आंदोलन की 35वीं वर्षगांठ के अवसर पर धर्म जागरण समन्वय (कुमाऊँ संभाग) द्वारा एक विशेष “राम ज्योति आंदोलन – सम्मान समारोह” आयोजित किया जा रहा है।
यह ऐतिहासिक आयोजन होटल सुनीता सन सिटी, अल्मोड़ा में प्रातः 11 बजे से आरंभ होगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व सांसद बलराज पासी, विधायक बंशी धर भगत, महापौर अजय वर्मा, विभाग प्रचारक कमल जी तथा पूर्व विभाग प्रचारक सुरेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामय उपस्थिति रहेगी।
मुख्य आकर्षण
राम ज्योति आंदोलन के वीरों का सम्मान
आंदोलन पर आधारित लघु डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन
रामजन्म आंदोलन से जुड़े ऐतिहासिक चित्रों की प्रदर्शनी
कार्यक्रम का उद्देश्य
धर्म जागरण समन्वय के पदाधिकारियों ने बताया कि इस समारोह का उद्देश्य भक्ति, आस्था और राष्ट्रसेवा की भावना को पुनः जागृत करना तथा युवा पीढ़ी को प्रेरित करना है।
उन्होंने कहा कि यह आयोजन उन सभी रामसेवकों को समर्पित है जिन्होंने अपने साहस, त्याग और बलिदान से अल्मोड़ा के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय लिखा।
ऐतिहासिक पृष्ठभूमि
कार्यक्रम के संयोजक राजीव गुरुरानी ने बताया कि 13 अक्टूबर 1990 को जब राम ज्योति यात्रा अल्मोड़ा में निकली, तब आज़ादी के बाद पहली बार नगर में गोली चली, लाठीचार्ज हुआ, अनेक वाहन आग की भेंट चढ़े और कई रामसेवकों को जेल भेजा गया।
इस घटना ने अल्मोड़ा के इतिहास में अमिट छाप छोड़ी। उस समय के युवा राम नाम की ध्वजा लेकर सड़कों पर उतरे और अडिग आस्था का परिचय दिया।
उन वीर रामसेवकों के तप, त्याग और बलिदान को नमन करते हुए यह आयोजन उनके संघर्ष और योगदान की स्मृति में समर्पित है।
सभी नागरिकों एवं मीडिया प्रतिनिधियों से सादर अनुरोध है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर अपनी गरिमामय उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम को सफल बनाएं।



