
अल्मोड़ा बाजार में पार्किंग व शौचालय की कमी से बढ़ी परेशानी, जिलाधिकारी ने लिया संज्ञान
अल्मोड़ा।
नगर निगम क्षेत्र के सेलाखोला वार्ड सहित मुख्य बाजार में टू व्हीलर पार्किंग, महिला शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी से समाधान की मांग की है। इस संबंध में वार्ड की पार्षद बंदना वर्मा एवं समस्त वार्ड वासियों द्वारा जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि बाजार में टू व्हीलर पार्किंग का निर्माण होने के बावजूद भी जगह-जगह वाहन खड़े रहने से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आपात स्थिति, विशेषकर आगजनी जैसी घटनाओं के समय फायर ब्रिगेड की गाड़ियों का आवागमन भी बाधित हो जाता है। पूर्व में ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

स्थानीय लोगों ने सुझाव दिया कि सेलाखोला वार्ड में अभय साह की दुकान के पास नगर निगम की एक नाली एवं लगभग 200 वर्ग मीटर भूमि खंडहर अवस्था में पड़ी है, जिसका उपयोग टू व्हीलर पार्किंग, महिला शौचालय एवं एक हॉल निर्माण के लिए किया जा सकता है। इससे क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का समाधान संभव है।
इसी क्रम में जिलाधिकारी अंशुल ने आज अल्मोड़ा मुख्य बाजार का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और आवश्यक फीडबैक लिया।
जिलाधिकारी ने बाजार में सार्वजनिक शौचालयों के अभाव को गंभीरता से लेते हुए विभिन्न संभावित स्थलों का निरीक्षण किया और शौचालय निर्माण हेतु उपयुक्त स्थानों का चयन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त उन्होंने नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा को निर्देशित किया कि शहर में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, झूलते बिजली के तारों को व्यवस्थित किया जाए तथा बाजार में लगने वाले फड़ निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं। अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान, शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसके लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।



