अल्मोड़ा। बीयरशिबा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अल्मोड़ा में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उज्ज्वल भविष्य को ध्यान में रखते हुए विशेष करियर काउंसलिंग सेशन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि, क्षमता एवं योग्यता के अनुरूप सही करियर विकल्प चुनने तथा भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना रहा।
कार्यक्रम में प्रतिष्ठित करियर काउंसलर प्रोफेसर डॉ. संतोषी सेन गुप्ता ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए करियर निर्माण से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमताओं को पहचानने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने तथा उसे प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने विभिन्न करियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों, विषय चयन, कौशल विकास तथा तेजी से उभर रहे नए करियर क्षेत्रों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि करियर का चुनाव दूसरों की देखा-देखी करने के बजाय अपनी रुचि, प्रतिभा, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को ध्यान में रखकर करना चाहिए। विद्यार्थियों ने भी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञ ने समाधान किया।
इस अवसर पर नेहा ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने लक्ष्य के प्रति गंभीर रहने, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने पर जोर दिया।
विद्यालय की अकादमिक निदेशिका दीपिका विल्सन एवं उप प्रधानाचार्य हरीश कांडपाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास, संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता एवं समस्या समाधान जैसे गुणों का विकास भी आवश्यक है।
काउंसलिंग सेशन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और करियर एवं उच्च शिक्षा से जुड़े सवाल विशेषज्ञों के समक्ष रखे। विद्यालय प्रबंधन ने कार्यक्रम को विद्यार्थियों के भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण पहल बताया।
विद्यालय की ओर से संस्थापक प्रबंधक निरुपमा भट्ट तलवार, सचिव तिलकराज तलवार, अध्यक्ष निरुपेन्द्र तलवार एवं मुस्कान तलवार ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए ऐसे मार्गदर्शन कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षक मुकेश कुमार ने वोट ऑफ थैंक्स प्रस्तुत किया। उन्होंने करियर काउंसलर प्रोफेसर डॉ. संतोषी सेन गुप्ता, नेहा, विद्यालय प्रबंधन, अकादमिक निदेशिका, उप प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।
बीयरशिबा स्कूल में करियर काउंसलिंग सेशन, विद्यार्थियों को दिए उज्ज्वल भविष्य के टिप्स
Leave a Comment
Leave a Comment



