साइबर सेल व फॉरेंसिक जांच की मांग, युवतियों की निजता सुरक्षित रखने पर दिया जोर
अल्मोड़ा। एक व्यक्ति के मोबाइल फोन में युवतियों की फोटो, स्क्रीनशॉट एवं अन्य आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री पाए जाने के कथित मामले को लेकर बजरंग दल अल्मोड़ा की ओर से उपजिलाधिकारी अल्मोड़ा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अल्मोड़ा को प्रेषित किया गया है। संगठन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मोबाइल फोन की वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि संबंधित मोबाइल फोन की जांच साइबर सेल अथवा फॉरेंसिक विशेषज्ञों के माध्यम से विधि एवं निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कराई जानी चाहिए। संगठन ने मोबाइल में उपलब्ध फोटो, स्क्रीनशॉट, चैट, सोशल मीडिया अकाउंट, कॉल रिकॉर्ड तथा अन्य डिजिटल सामग्री की जांच किए जाने की मांग की है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि संबंधित सामग्री कहां से प्राप्त हुई, क्या उसे किसी अन्य व्यक्ति के साथ साझा किया गया और उसका उपयोग किस उद्देश्य से किया गया।
बजरंग दल ने मांग की कि यदि जांच के दौरान किसी युवती को ब्लैकमेल करने, धमकी देने, दबाव बनाने या अन्य किसी प्रकार से प्रताड़ित करने के प्रमाण सामने आते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति अथवा संगठित नेटवर्क की संलिप्तता सामने आती है तो उसकी भी निष्पक्ष जांच की जाए।
ज्ञापन में संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि मामले की जांच किसी जाति, धर्म या समुदाय के पक्ष अथवा विपक्ष में पूर्वाग्रह के बिना की जानी चाहिए। इसके साथ ही संभावित पीड़ित युवतियों की पहचान और निजता की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई।
बजरंग दल ने प्रशासन से मामले को महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ा संवेदनशील विषय मानते हुए गंभीरता से कार्रवाई करने का आग्रह किया। संगठन ने कहा कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि यदि पर्याप्त साक्ष्य उपलब्ध होने के बावजूद उचित और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की जाती है तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से जनजागरूकता अभियान चलाने और जिलेभर में आंदोलन करने पर विचार करेगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रान्त गौरक्षा प्रमुख बजरंग दल एवं अधिवक्ता विजय सिंह सिराड़ी, जिला सह संयोजक वैभव जोशी, पूर्व जिला संयोजक संजय भट्ट, जिला गौरक्षा प्रमुख मुन्ना बिष्ट, पार्षद जगमोहन बिष्ट, छात्र संघ उपाध्यक्ष भास्कर जोशी, इंदर गोस्वामी, गौरव सनवाल, विजय कुमार, गौरव भट्ट, प्रियांशु डालाकोटी, पवन नैनवाल, सुशील पांडे, वीरेंद्र जोशी, सुमित रावल, प्रियांशु, गुणवंत सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फिलहाल मामले में पुलिस जांच और डिजिटल साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
मोबाइल में आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री मिलने के मामले में बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन
Leave a Comment
Leave a Comment




