
पनिउडियार वार्ड में रसैल वाइपर के प्रवेश से मची हड़कंप, वन विभाग की मदद से सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया
अल्मोड़ा। पनिउडियार वार्ड में उस समय हड़कंप मच गया जब स्थानीय निवासी नवीन चंद्र तिवारी के भवन में जहरीले रसैल वाइपर सांप ने प्रवेश कर लिया। भवन स्वामी द्वारा तत्काल इसकी सूचना वार्ड पार्षद अमित साह मोनू को दी गई, जिन्होंने बिना समय गंवाए आवश्यक कार्रवाई की।
पार्षद अमित साह मोनू ने घटना की जानकारी वन विभाग क्यूआरटी प्रभारी सत्येंद्र सिंह नेगी को दी। इसके बाद पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अभिषेक जोशी, क्यूआरटी श्रमिक नीरज नेगी और मनोज जोशी के साथ मौके पर पहुंचे और सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
गौरतलब है कि पार्षद अमित साह मोनू सामाजिक कार्यों में वर्षों से सक्रिय हैं। वर्षाकाल में आपदा के समय, चिकित्सा आपात स्थितियों में रक्तदान, बेसहारा गौवंश की सेवा और सांपों के रेस्क्यू जैसे कार्यों में उनकी भागीदारी उल्लेखनीय रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जब भी किसी के घर में सांप घुस आता है, तो वे सबसे पहले पार्षद अमित साह को ही सूचित करते हैं। उनके मददगार स्वभाव, हंसमुख व्यवहार और जन सेवा के प्रति समर्पण के चलते वे क्षेत्र में अत्यंत लोकप्रिय हैं।
पार्षद अमित साह के सहयोगी अर्जुन बिष्ट और अभिषेक जोशी भी सामाजिक सेवाओं में सदैव उनके साथ अग्रणी भूमिका निभाते हैं। स्थानीय जनता ने इस सफल रेस्क्यू और त्वरित सहायता के लिए पार्षद और टीम का आभार जताया है।





