नगला तराई की रामलीला में शामिल हुए मुख्यमंत्री, देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और विकास कार्यों को बताया सरकार की प्राथमिकता
खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जीवन हमें एकजुट होकर धर्म, नैतिकता और मर्यादा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ ही केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की पवित्रता और सांस्कृतिक पहचान को बनाए रखने के लिए अवैध अतिक्रमण और छद्म वेशधारियों के विरुद्ध सरकार सख्त कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में हुए विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों को पक्के मकान, घर-घर नल से जल और रसोई गैस कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। गरीब परिवारों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा दी जा रही है। महिलाओं को लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के कौशल विकास, किसानों को किसान सम्मान निधि के माध्यम से प्रोत्साहन तथा सैनिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक, वन पेंशन योजना लागू की गई है। देश की सुरक्षा के लिए सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी निर्णायक कार्रवाइयां भी की गई हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, ग्राम प्रधान दीपू मेहरा सहित रामलीला समिति के पदाधिकारी एवं अन्य लोग उपस्थित रहे।
भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में उतारें, एकजुट होकर धर्म और नैतिकता के मार्ग पर चलें : मुख्यमंत्री धामी
Leave a Comment
Leave a Comment




