अल्मोड़ा। सात दिवसीय जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026 के प्रथम दिवस की संध्या भव्य स्टार नाइट और विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के नाम रही। देश के अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोकनृत्यों और स्थानीय कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में भारतीय लोक संस्कृति की विविधता और उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली।
महोत्सव में जिलाधिकारी अल्मोड़ा अंशुल सिंह, विधायक अल्मोड़ा मनोज तिवारी, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रकाश जोशी एवं शोभा जोशी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इस दौरान सुशील शाह, केवल सती, भैरव गोस्वामी, गुड्डू भोज, लता तिवारी और राधा बिष्ट सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
सांस्कृतिक संध्या में हरियाणा के बीन जोगी, कश्मीर के रऊफ और पश्चिम बंगाल के रायवंशी लोकनृत्यों ने दर्शकों को देश की विविध लोक परंपराओं से परिचित कराया। वहीं, हिमालयन लोक कला केंद्र, अल्मोड़ा की ओर से संध्यावली और छपेली की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने उत्तराखंड की लोक संस्कृति की विशिष्ट पहचान को मंच पर जीवंत कर दिया।
प्रथम दिवस की स्टार नाइट में रोशन बनोला, रुचि आर्य और अमित गोस्वामी की प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साह और उमंग से भर दिया। इसके अतिरिक्त प्रेमरार्थ कथक कला केंद्र की ओर से प्रस्तुत हेडिया लोकनृत्य ने भी दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
जय गोल्ज्यू महोत्सव का उद्देश्य लोक संस्कृति और पारंपरिक कलाओं को बढ़ावा देना, स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना है। प्रथम दिवस की रंगारंग प्रस्तुतियों ने महोत्सव के आगामी कार्यक्रमों के प्रति भी दर्शकों में उत्साह बढ़ाया।
जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026 का भव्य आगाज, स्टार नाइट और लोक संस्कृति की प्रस्तुतियों ने बांधा समां
Leave a Comment
Leave a Comment




