अल्मोड़ा, । अल्मोड़ा में आज जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026 का विधिवत शुभारंभ पारंपरिक कलश यात्रा के साथ किया गया। यह कलश यात्रा ड्यूनी पोखर से प्रारंभ होकर नगर के बाजारों से होते हुए ऐतिहासिक मल्ला महल पहुंची। यहां गोलू देवता की विधिवत पूजा-अर्चना के उपरांत महोत्सव का औपचारिक उद्घाटन किया गया।
महोत्सव का उद्घाटन नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर अजय वर्मा, दर्जा राज्यमंत्री गंगा बिष्ट, पूर्व विधायक रघुनाथ सिंह चौहान, अल्मोड़ा जिला सहकारी बैंक की अध्यक्ष मिली लटवाल, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि रौतेला एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ललित लटवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
इस विशेष अवसर पर अल्मोड़ा के अनेक प्रमुख नागरिक और नगर निगम के सम्मानित पार्षद भी उपस्थित रहे। महोत्सव के प्रारंभ के साथ ही पूरे शहर में एक उत्सवी माहौल देखने को मिला।
दिन भर के कार्यक्रमों में पारंपरिक ऐपण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोककला, सांस्कृतिक विरासत एवं पारंपरिक कलात्मक कौशल को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया गया। प्रतिभागियों ने ऐपण कला के माध्यम से प्रदेश की लोकसंस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
जय गोल्ज्यू महोत्सव का उद्देश्य कुमाऊं की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोकपरंपराओं एवं धार्मिक आस्था को संरक्षित और प्रोत्साहित करना है। यह महोत्सव स्थानीय कलाकारों, लोककला एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को मंच प्रदान करने के साथ ही क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
अल्मोड़ा में इस महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही स्थानीय संस्कृति को पुनर्जीवित करने के प्रयास तेज हो गए हैं। आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से महोत्सव को और अधिक भव्य बनाने की तैयारी है।
अल्मोड़ा में जय गोल्ज्यू महोत्सव 2026 का भव्य उद्घाटन
Leave a Comment
Leave a Comment




