कपकोट। देवल चौरा ग्राम पंचायत के तोक कुकरौली गांव का पिछले चार दिनों से तहसील एवं जिला मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह बाधित है। लगातार बारिश के कारण गांव तक पहुंचने वाला एकमात्र पैदल मार्ग भारी मात्रा में मलबा, कीचड़ और गिरे हुए पेड़ों से अवरुद्ध हो गया है। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण ने क्षेत्र का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मार्ग कीचड़ और मलबे से पट जाने के कारण स्कूली बच्चों को विद्यालय जाने में भारी परेशानी हो रही है। वहीं ग्रामीणों को गैस सिलेंडर, सब्जी तथा अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की सामग्री लाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मामले की जानकारी क्षेत्रीय पटवारी तथा आपदा प्रबंधन विभाग को भी दी गई है, लेकिन अभी तक कोई ठोस राहत या मार्ग खोलने की कार्रवाई नहीं हो सकी है। इससे गांव के लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।
सामाजिक कार्यकर्ता भूपाल सिंह नेगी, मदन सिंह नेगी, कैप्टन धाम सिंह गढ़िया, कुन्दन गोस्वामी, रमेश गढ़िया, कैलाश सिंह एवं राहुल नेगी ने प्रशासन से शीघ्र राहत कार्य शुरू कर मार्ग बहाल करने की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि वन विभाग के अधिकारी सुरेश लाल से भी इस संबंध में वार्ता की गई। उन्होंने बताया कि मामला कपकोट रेंज से संबंधित होने के कारण रिपोर्ट संबंधित अधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई कर गांव का संपर्क बहाल करने की मांग की है।






