अल्मोड़ा। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय की कक्षा 6 की छात्रा एवं स्पोर्ट्स ताइक्वांडो अकादमी अल्मोड़ा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी साक्षी रॉयल ने राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय, जनपद तथा प्रदेश का नाम गौरवान्वित किया है। साक्षी की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों, खेल प्रेमियों तथा ताइक्वांडो जगत में खुशी की लहर है।
रुड़की स्थित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में आयोजित केंद्रीय विद्यालय संगठन की राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में साक्षी रॉयल ने अपने उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास एवं अनुशासित प्रदर्शन के दम पर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस शानदार सफलता के साथ अब उनका चयन केंद्रीय विद्यालय संगठन की राष्ट्रीय स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए हो गया है।
साक्षी रॉयल पिछले कई वर्षों से स्पोर्ट्स ताइक्वांडो अकादमी अल्मोड़ा में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उन्होंने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न प्रतियोगिताओं में भी पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया है। कम उम्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के कारण उन्हें भविष्य की उभरती हुई खिलाड़ी माना जा रहा है।
ताइक्वांडो प्रशिक्षक एवं डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन अल्मोड़ा के अध्यक्ष कमल कुमार बिष्ट ने बताया कि साक्षी अत्यंत मेहनती, अनुशासित एवं समर्पित खिलाड़ी हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी की सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, दृढ़ संकल्प और सकारात्मक सोच सबसे महत्वपूर्ण होती है और साक्षी इन सभी गुणों से परिपूर्ण हैं।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय प्रतियोगिता को देखते हुए साक्षी के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम तैयार किया जाएगा, जिसमें उन्नत तकनीकी अभ्यास, फिटनेस, मानसिक मजबूती तथा प्रतियोगिता की रणनीतियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि वह राष्ट्रीय स्तर पर भी स्वर्णिम सफलता अर्जित कर सके।
डिस्ट्रिक्ट ताइक्वांडो एंड पैरा ताइक्वांडो एसोसिएशन अल्मोड़ा के सचिव एवं ब्लैक बेल्ट प्रदीप कुमार जोशी ने भी साक्षी को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अल्मोड़ा और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगी।
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय अल्मोड़ा की प्रधानाचार्या मीना राणा, स्पोर्ट्स शिक्षक अरविंद सिंह, अध्यापिका रूमाना नाज़ सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने साक्षी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के लिए हर संभव अवसर प्रदान कर रहा है।
विद्यालय परिवार ने कहा कि साक्षी की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी तथा अधिक से अधिक छात्र-छात्राएं खेलों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
साक्षी की माता मीरा रॉयल एवं पिता रमेश सिंह रॉयल ने अपनी बेटी की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे परिवार के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि साक्षी की सफलता उसकी मेहनत, विद्यालय के शिक्षकों के मार्गदर्शन तथा प्रशिक्षक कमल कुमार बिष्ट के समर्पित प्रशिक्षण का परिणाम है।
कमल कुमार बिष्ट, जो पांचवीं डिग्री ब्लैक बेल्ट, राष्ट्रीय रेफरी एवं स्वर्ण पदक विजेता ताइक्वांडो प्रशिक्षक हैं, ने कहा कि यदि खिलाड़ियों को उचित सुविधाएं और निरंतर प्रशिक्षण मिले तो उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत का प्रतिनिधित्व कर सकते हैं।




