अल्मोड़ा। कांग्रेस कार्यालय अल्मोड़ा में आयोजित प्रेस वार्ता में द्वाराहाट विधायक मदन बिष्ट ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में आयोजित किए जा रहे बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर अब जनता की समस्याओं के समाधान के बजाय औपचारिकता बनकर रह गए हैं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में द्वाराहाट में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर के दौरान कई ऐसी परिस्थितियां देखने को मिलीं, जिनसे कार्यक्रम की निष्पक्षता और उपयोगिता पर प्रश्न खड़े होते हैं। विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित होने वाले शिविरों में अब पहले जैसी भीड़ दिखाई नहीं देती। इसका कारण यह है कि लोगों को भरोसा नहीं रह गया कि उनकी समस्याओं का वास्तविक समाधान होगा।
मदन बिष्ट ने कहा कि सरकारी कार्यक्रमों में राजनीतिक हस्तक्षेप बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई अवसरों पर ऐसे लोग कार्यक्रमों का संचालन करते दिखाई देते हैं जो न तो प्रशासनिक अधिकारी हैं और न ही किसी अधिकृत जिम्मेदारी में हैं। इससे सरकारी कार्यक्रमों की गरिमा प्रभावित होती है।
विधायक ने प्रदेश में भर्ती परीक्षाओं में सामने आए कथित पेपर लीक मामलों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के साथ अन्याय हुआ है। उन्होंने कहा कि कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है और सरकार अभी तक दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने में सफल नहीं हो पाई है।
उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दे आज आम जनता की सबसे बड़ी चिंताएं हैं। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और महंगाई ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। इसके बावजूद सरकार जनता की मूल समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय राजनीतिक लाभ के लिए कार्य कर रही है।
जल जीवन मिशन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में योजना का लाभ अपेक्षित स्तर तक नहीं पहुंच पाया है। करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद लोगों को पर्याप्त पेयजल सुविधा उपलब्ध नहीं हो रही है। उन्होंने इन योजनाओं की समीक्षा और जवाबदेही तय करने की मांग की।
प्रेस वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हितों की रक्षा के लिए पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि भर्ती प्रक्रियाओं को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए और विकास योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए।
अंत में विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि विपक्ष का कर्तव्य केवल आलोचना करना नहीं बल्कि जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाना भी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनता से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस मजबूती से अपनी आवाज़ उठाती रहेगी।



