अल्मोड़ा:
जनपद में तिपहिया वाहनों की बढ़ती मनमानी पर अब प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह के निर्देशों के बाद परिवहन विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जगी है।
गौरतलब है कि शहर में लंबे समय से तिपहिया वाहन चालक निर्धारित रूटों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से संचालन कर रहे थे। कई मामलों में इन वाहनों का उपयोग अवैध रूप से माल ढुलाई के लिए भी किया जा रहा था, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने तत्काल संज्ञान लिया और आरटीओ विभाग को सख्त निर्देश जारी किए। इसके बाद परिवहन विभाग हरकत में आया और शहर में अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई।
कार्रवाई के तहत दो ई-रिक्शा को जब्त किया गया है, जो नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम नागरिकों ने इस पहल का स्वागत किया है। लोगों का मानना है कि इससे शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी और अव्यवस्था पर अंकुश लगेगा।


📦 परिवहन अधिकारी का बयान:
अखिलेश चौहान (बावत परिवहन अधिकारी प्रथम)
“दो दिन पहले मनमानी करते हुए दो ई-रिक्शा को जब्त किया गया है। शहर में इस प्रकार की मनमानी एवं नियमों के उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”
–
📦 खबर सत्यवार्ता का असर:
साप्ताहिक खबर सत्यवार्ता ने अपने पिछले अंक में तिपहिया वाहनों की मनमानी को प्रमुखता से उठाया था। खबर प्रकाशित होने के बाद प्रशासन ने मामले का संज्ञान लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की, जिससे मीडिया की सक्रिय भूमिका एक बार फिर सामने आई है।




