
अल्मोड़ा। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल, अल्मोड़ा के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) चंद्रशेखर घोडके से शिष्टाचार भेंट कर जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालने पर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर मंडल की ओर से उन्हें एक ज्ञापन भी सौंपा गया।
ज्ञापन में बताया गया कि देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अल्मोड़ा जिले में व्यापारियों एवं आम जनमानस के हितों के लिए कार्य करने वाला एक महत्वपूर्ण संगठन है, जिसका उद्देश्य व्यापारियों के अधिकारों की रक्षा करना एवं सामाजिक समरसता बनाए रखना है। पदाधिकारियों ने कहा कि होली और रमजान जैसे पवित्र त्योहार निकट हैं। अल्मोड़ा नगर अपनी संस्कृति और भाईचारे के लिए पूरे भारत में जाना जाता है, लेकिन ऐसे अवसरों पर कुछ असामाजिक तत्व, उठाईगिरी और जेबकतरी जैसी घटनाओं को अंजाम देकर माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं।
मंडल ने एसएसपी से अनुरोध किया कि त्योहारों को देखते हुए शहर में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा मंदिरों, पार्कों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि इन दिनों कुछ लोग सार्वजनिक स्थलों का दुरुपयोग कर नशा करते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। नियमित चेकिंग अभियान से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति विश्वास बढ़ेगा और दोनों त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए जा सकेंगे।
इस दौरान ज्ञापन सौंपने वालों में देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष मनोज सिंह पवार, नगर अध्यक्ष संजय साह ‘रिक्खू’, महिला जिला उपाध्यक्ष एवं पार्षद वंदना वर्मा, महिला नगर उपाध्यक्ष मनु गुप्ता, कार्यकारी जिला अध्यक्ष प्रमोद पवार ‘भीमा’, नगर महामंत्री दीप चंद्र जोशी, जिला संगठन मंत्री नीरज थापा ‘बिट्टू’, जिला उपाध्यक्ष हिमांशु बिष्ट, जिला महामंत्री हिमांशु काण्डपाल, जिला संयुक्त महामंत्री कमल बिष्ट, जिला कोषाध्यक्ष गणेश जोशी ‘गुड्डू’, हरि कृष्ण खत्री, सुधीर गुप्ता, मनीष मल्होत्रा, जिला मंत्री दिनेश काण्डपाल, नगर उपाध्यक्ष दीपक जोशी, आनंद सिंह भोज, नगर उप सचिव जयप्रकाश पांडे, अमन टकवाल एवं नगर कोषाध्यक्ष रोहित साह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।


