
अल्मोड़ा।
अल्मोड़ा नगर में इन दिनों प्रदेश सरकार के मंत्री, कैबिनेट स्तर के नेता तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी लगातार कार्यक्रमों और बैठकों में भाग ले रहे हैं। नगर निगम सभागार में बड़े स्तर के आयोजन हो रहे हैं और मंत्रीगण नियमित रूप से नगर क्षेत्र का दौरा एवं निरीक्षण भी कर रहे हैं। इसके बावजूद नगर निगम को अब तक विकास कार्यों के लिए कोई ठोस बजट उपलब्ध न कराए जाने पर गंभीर चिंता जताई गई है।
नगर निगम पार्षद वैभव पांडे ने प्रेस को जारी एक बयान में कहा कि नगर की सड़कों की बदहाल स्थिति, सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए नगर निगम को पर्याप्त धनराशि की सख्त आवश्यकता है। नगर की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद वैभव पांडे ने कहा कि इसके बावजूद मंत्रीगण और वरिष्ठ नेताओं द्वारा अपने आला अधिकारियों एवं सरकार के उच्च स्तर पर नगर निगम के लिए बजट स्वीकृत कराने की कोई ठोस पहल नजर नहीं आ रही है, जो अल्मोड़ा की जनता के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि यदि मंत्रीगण और वरिष्ठ नेता प्रतिदिन अल्मोड़ा में कार्यक्रम कर सकते हैं, तो नगर के विकास हेतु आवश्यक बजट दिलाना भी उनकी जिम्मेदारी बनती है। चुनाव नजदीक आने के साथ एक बार फिर मुद्दों के नाम पर जनता को भटकाने की कोशिशें होंगी, लेकिन अब अल्मोड़ा की जागरूक जनता केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि वास्तविक विकास और बजट चाहती है।
पार्षद ने मांग की कि अल्मोड़ा के समग्र विकास के लिए शीघ्र नगर निगम को पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया जाए, ताकि नगर की मूलभूत समस्याओं का समाधान हो सके और जनता को राहत मिल सके।





