
देहरादून।
सोमेश्वर विधानसभा की विधायक रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू ने एक प्रेस नोट जारी कर अपने हालिया बयान को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने समस्त देशवासियों को नववर्ष की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके कथन को राजनीतिक विरोधियों और कांग्रेस पार्टी द्वारा गलत तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है।
गिरधारी लाल साहू ने बताया कि विगत दिवस सोमेश्वर विधानसभा के दौलाघट क्षेत्र में माताओं-बहनों एवं बुजुर्गों के स्वागत समारोह में मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल के आमंत्रण पर वे कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने हास्य के रूप में अपने एक मित्र की शादी का जिक्र किया था, लेकिन उनके इस कथन को तोड़-मरोड़कर समाज में गलत संदेश फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो पूरी तरह निराधार और असत्य है।
उन्होंने कहा कि जहां तक बेटियों के सम्मान का प्रश्न है, वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हैं और प्रतिवर्ष बरेली में श्रीरामलीला मंच के माध्यम से 101 निर्धन बेटियों के विवाह का आयोजन कराते हैं। यह कार्य वे श्रद्धा और सेवा भाव से निरंतर करते आ रहे हैं।
गिरधारी लाल साहू ने स्पष्ट किया कि वे सोमेश्वर विधानसभा ही नहीं, बल्कि प्रदेश और देश की समस्त बेटियों को देवी के समान सम्मान देते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके राजनीतिक विरोधी और कांग्रेस पार्टी उनके वक्तव्य को तोड़-मरोड़कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।
अंत में उन्होंने कहा कि यदि उनके किसी कथन से किसी व्यक्ति की भावना को ठेस पहुंची हो या किसी को बुरा लगा हो, तो वे हाथ जोड़कर सभी से क्षमा याचना करते हैं।


