
स्थानीय नागरिकों ने की सक्रियता की सराहना
अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र के सेलाखोला वार्ड में हुक्का क्लब के पास काफी समय से खुले पड़े जलापूर्ति पाइप के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। खुले पाइप के चलते जहां पेयजल आपूर्ति में बाधा उत्पन्न हो रही थी, वहीं सड़कों से गुज़रने वाले आम लोगों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना रहता था। स्थानीय नागरिकों की शिकायत पर मामले को गंभीरता से लेते हुए वार्ड पार्षद वंदना वर्मा तुरंत सक्रिय हुईं और जल निगम के जूनियर इंजीनियर बिष्ट से संपर्क साधकर समस्या का समाधान करवाया।
पार्षद वर्मा ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलापूर्ति पाइप को सुरक्षित तरीके से ढंककर मरम्मत कार्य तत्काल शुरू किया जाए, जिससे नागरिकों को राहत मिल सके। जल निगम की टीम ने तत्परता दिखाते हुए पाइप की मरम्मत कार्य शुरू किया और कम समय में समस्या को दूर कर दिया गया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि खुले पाइप की वजह से बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती थी। पानी सड़क पर फैलने से फिसलन बढ़ जाती थी और छोटे बच्चों तथा वृद्धजनों के लिए आवागमन बेहद मुश्किल होता था। कई बार पाइप से लगातार रिसाव के कारण पेयजल की बर्बादी भी होती थी। लेकिन पार्षद वर्मा के हस्तक्षेप से अब इस समस्या से उन्हें छुटकारा मिल गया है।
नागरिकों ने पार्षद की प्रशंसा करते हुए कहा कि वंदना वर्मा लगातार अपने वार्ड की समस्याओं को सुनकर उन पर प्रभावी कार्रवाई करती हैं। उनकी जनसेवा के प्रति समर्पित भावना और त्वरित निर्णय क्षमता के कारण ही वार्ड में विकास कार्यों की गति बनी हुई है। वहीं पार्षद वर्मा ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना उनका पहला दायित्व है और किसी भी समस्या को समय पर हल करने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
इस दौरान जल निगम के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे जिन्होंने मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य को अंजाम दिया। लोगों ने जल निगम टीम का भी सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया है।





