
अल्मोड़ा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री बनाए जाने के बाद पहली बार अपने गृह जनपद अल्मोड़ा पहुंचे गौरव पांडे का कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। नगर में जगह-जगह फूल मालाओं से उनका अभिनंदन किया गया और विभिन्न मार्गों पर स्वागत द्वार सजाए गए।
आयोजित स्वागत समारोह में गौरव पांडे ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, वह बहुत बड़ी है। इसे वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि 2027 विधानसभा चुनाव के लिए अब बहुत कम समय शेष है, इसलिए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना ही प्रमुख लक्ष्य होगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा 2027 में तीसरी बार उत्तराखंड में सरकार बनाएगी और अल्मोड़ा की सभी विधानसभा सीटें भाजपा की झोली में होंगी।
जागेश्वर विधानसभा से चुनाव लड़ने के सवाल पर उन्होंने दावेदारी से साफ इनकार नहीं किया और कहा कि संगठन जहां भी जिम्मेदारी देगा, वहां पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष महेश नयाल ने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि अल्मोड़ा के लिए यह गर्व की बात है कि गौरव पांडे को प्रदेश संगठन में मंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। उनके मार्गदर्शन में कार्यकर्ता 2027 के चुनाव में ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे।
अपने संबोधन में गौरव पांडे ने कहा, “आप सभी कार्यकर्ताओं ने जिस आत्मीयता और उत्साह से मेरा स्वागत किया है, उसके लिए मैं आभारी हूँ। मैं क्षेत्र की जनता के विकास और संगठन की मजबूती के लिए निरंतर कार्यरत रहूँगा। हम सब मिलकर भाजपा को प्रचंड बहुमत से विजय दिलाएँगे।”
पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि गौरव पांडे के नेतृत्व से युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन नई ऊँचाइयों तक पहुँचेगा। वहीं, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने कहा कि उनके प्रदेश टीम में शामिल होने से जिले को संगठनात्मक और विकासात्मक कार्यों में और अधिक लाभ मिलेगा।
समारोह में पूर्व विधायक एवं पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, महापौर अजय वर्मा, दायित्वधारी गंगा बिष्ट, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भाजयुमो कुंदन लटवाल, ब्लॉक प्रमुख त्रिलोक रावत, नगर मंडल अध्यक्ष विनीत बिष्ट, पूर्व जिला अध्यक्ष ललित लटवाल, रवि रौतेला, पूर्व दायित्वधारी गोविंद पिलख्वाल, बिट्टू कर्नाटक सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
महिला मोर्चा, युवा मोर्चा, व्यापार मंडल और विभिन्न मंडलों के प्रतिनिधियों ने भी स्वागत समारोह में बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट एवं दर्शन रावत ने संयुक्त रूप से किया।
भव्य स्वागत कार्यक्रम ने अल्मोड़ा के राजनीतिक माहौल में उत्साह और जोश का संचार किया तथा कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि 2027 में भाजपा को जिले की सभी सीटों पर विजय दिलाई जाएगी।




